नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। सुप्रीम कोर्ट ने आज 17 सितंबर को बुलडोजर की कार्रवाई पर रोक लगा दी है। जिसके बाद विपक्षी नेताओं में खुशी की लहर देखने को मिल रही है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के आधार पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बीजेपी सरकार को घेरते हुए एक्स पर पोस्ट किया और कहा कि ‘भाजपा सरकारों की अन्यायपूर्ण और अमानवीय बुलडोजर नीति को सुप्रीम कोर्ट का आईना दिखाने वाला फैसला स्वागत योग्य है ऐसी बर्बर कार्रवाइयों के जरिये देश के कानून पर बुलडोजर चलाकर इंसानियत और इंसाफ को रौंदने वाली नीति एंव नीयत देश के सामने बेपर्दा हो गई है।’
देश बुलडोजर से नहीं संविधान से चलेगा- प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने अपने एक्स पोस्ट में आगे लिखा कि ‘वे समझते हैं कि त्वरित न्याय की आड़ में जुल्म और नाइंसाफी के बुलडोजर से संविधान को कुचलकर भय और भीड़ का राज स्थापित किया जा सकता है। लेकिन ये देश संविधान से चलता था और चलता रहेगा। अदालत ने साफ कहा है कि बुलडोजर अन्याय स्वीकार्य नहीं है।’
सुप्रिया श्रीनेत ने भी बीजेपी पर साधा निशाना
वहीं इस मामले में कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि बुलडोजर पर अपना बड़ा वक्तव्य देकर सुप्रीम कोर्ट ने साफ कह दिया है कि देश संविधान से चलेगा। बुलडोजर जैसी अराजकता और नृशंसता से नहीं। सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला उन मुख्यमंत्रियों और नेताओं के मुंह पर करारा तमाचा है, जो न्यायपालिका पर ताला लगवाकर बुलडोजर जस्टिस को बढ़ावा देते हैं।
बुलडोजर का उपयोग गुंडे मवाली करते हैं- सुप्रिया श्रीनेत
सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला अच्छा है, हम इसका स्वागत करते हैं और आशा करते हैं कि इस फैसले के बाद यूपी के सीएम अपना कलेजा बुलडोजर चलाने के लिए नहीं दिखाने लगेंगे और सुप्रीम कोर्ट को चैलेंज नहीं करेंगे। इस सभ्य समाज में बुलडोजर की कोई जगह नहीं है। बुलडोजर का यूज गुंडे-मवाली और अराजकतत्व करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्रियों और नेताओं को बुलडोजर जस्टिस से दूर रहना चाहिये, क्योंकि वो जनता के वोटों से चुन कर आते हैं।




