नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । एयर इंडिया की भयावह विमान दुर्घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। अहमदाबाद से लंदन जा रही इस उड़ान में 265 लोगों की जान चली गई। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी शामिल थे। वे अपनी पत्नी अंजलि और बेटी से मिलने के लिए यात्रा कर रहे थे। दुखद बात यह है कि विजय रुपाणी की मृत्यु 12 जून को हुई, यह तारीख जो उनके जीवन में पहले से ही कई मायनों में जुड़ी रही है। खास बात यह है कि ‘1206’ यानी 12-06 का नंबर उनके जीवन में कई बार सामने आया, चाहे वह उनकी पहली कार का नंबर हो या वर्षों पुराने स्कूटर की नंबर प्लेट, हर जगह यही अंक मौजूद था।
‘1206’ नंबर को शुभ मानते थे विजय रुपाणी
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी इस ‘1206’ नंबर को अपने लिए शुभ मानते थे। यह संख्या उनके जीवन में इतनी अहम रही कि उनकी पहली कार से लेकर बाद की सभी गाड़ियों की नंबर प्लेट पर यही अंक देखा जाता था। वर्षों तक यह अंक उनके लिए सौभाग्य का प्रतीक बना रहा। लेकिन गुरुवार का दिन कुछ और ही लेकर आया। 12 जून यानी 12/06। वही संख्या, जो कभी उनके लिए लकी थी, अब एक दुखद दिन की याद बन गई। किस्मत ने उसी नंबर को उनकी जिंदगी का सबसे अशुभ मोड़ बना दिया।
घर के आंगन में पसरा सन्नाटा
जैसे ही एयर इंडिया विमान दुर्घटना की खबर सामने आई, विजय रुपाणी के आवासीय क्षेत्र में गहरा सन्नाटा पसर गया। आसपास के लोग स्तब्ध रह गए और माहौल अचानक शांत और बोझिल हो गया। पड़ोसियों ने घर के पास स्थित मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना शुरू कर दी। वहीं, रुपाणी परिवार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। घर का दरवाजा बंद है और अंदर कोई मौजूद नहीं है।
टेक-ऑफ के कुछ ही मिनटों में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान ने अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों में ऊंचाई खोनी शुरू कर दी। कुछ ही क्षणों में वह बी.जे. मेडिकल कॉलेज की मेस बिल्डिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इमारत में तुरंत आग लग गई। इसके बाद विमान पास ही स्थित ‘अतुल्यम हॉस्टल’ से भी टकराया, जहां सीनियर रेसिडेंट डॉक्टर्स रह रहे थे। हादसे के चलते इन दोनों इमारतों में भीषण आग लग गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।





