नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। सर्दियों की ठंडी और शुष्क हवाएं अक्सर चेहरे का निखार छीन लेती हैं। त्वचा बेजान, रूखी और थकी-थकी लगती है। महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स की बजाय यदि आप नैचुरल तरीके से लंबे समय तक टिकने वाला ग्लो पाना चाहती हैं, तो आपकी रसोई घर की सामग्री ही आपके लिए सबसे बड़ी ताकत है। कलर्स ब्यूटी सैलून (शहादरा, दिल्ली) की सेलिब्रिटी ब्यूटी एक्सपर्ट रेनू महेश्वरी का कहना है कि मलाई, केला, घी, पपीता और बेसन जैसी घरेलू सामग्री त्वचा को गहराई से पोषण देती हैं और प्राकृतिक चमक लौटाती हैं। उन्होंने साझा किए 8 असरदार और आसान घरेलू टिप्स, जिन्हें अपनाकर आप सर्दियों में भी चेहरे को चांद की तरह चमकदार बना सकती हैं।
1. गुनगुने पानी से शुरुआत
सुबह उठते ही एक गिलास गुनगुना पानी पीएं और इसी पानी से चेहरे को हल्के हाथों से धोएं। यह न केवल गंदगी हटाता है बल्कि त्वचा को ड्राई होने से भी बचाता है। ध्यान दें, बहुत गर्म पानी से बचें।
2. मलाई का नैचुरल मॉइस्चराइजर
मलाई में 5 बूँद नींबू का रस और 5 बूँद गुलाबजल मिलाकर 10 मिनट तक चेहरे पर लगाएं। इससे त्वचा गहराई से हाइड्रेट होती है और तुरंत ग्लो मिलता है।
3. केला फेस पैक
केला डलनेस दूर करता है और त्वचा को मॉइस्चराइज करता है। आप सीधे केले का उपयोग कर सकती हैं या रूखी त्वचा के लिए इसमें थोड़ा शहद मिलाकर फेस पैक तैयार करें।
4. घी से चेहरे की मालिश
शुद्ध देसी घी से चेहरे की हल्की मालिश करें। यह एंटी-एजिंग गुणों से भरपूर है और झाइयों व झुर्रियों को कम करता है। होंठों की ड्राईनेस दूर करने के लिए भी यह बेहतरीन है।
5. पपीता फेस पैक
पपीते में थोड़ा दही मिलाकर फेस पैक तैयार करें। यह डेड स्किन हटाता है, रंगत निखारता है और दाग-धब्बों को कम करने में मदद करता है।
6. ऐलोवेरा जेल (रात में)
रात में सोने से पहले ऐलोवेरा जेल लगाएं। त्वचा की डेड स्किन और मुंहासे के दाग-धब्बों को ठीक करता है। यदि त्वचा अधिक ड्राई है तो इसमें थोड़ा शहद मिला सकती हैं। 15 मिनट बाद धो लें।
7. बेसन और दही का फेस पैक
1 चम्मच बेसन और 1 चम्मच दही मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे हफ्ते में 2 बार लगाएं। यह डीप एक्सफोलिएशन करता है, टैनिंग हटाता है और त्वचा को प्राकृतिक चमक देता है।
8. रोज़ क्लींजिंग
सुबह और शाम चेहरे की हल्की क्लींजिंग करें। पोर्स साफ रहते हैं और पिंपल्स आने की संभावना कम होती है। माइल्ड क्लींजर के लिए गुलाबजल भी इस्तेमाल कर सकती हैं।




