नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की विधानसभा सीट भवानीपुर से ड्राफ्ट मतदाता सूची में करीब 45,000 मतदाताओं के नाम हटाए जाने के बाद पार्टी में हलचल है। इस स्थिति को देखते हुए भवानीपुर के स्थानीय TMC नेताओं ने एक अहम बैठक की और बूथ स्तर के एजेंटों (BLA) को निर्देश दिया कि वे हटाए गए सभी मतदाताओं के नाम की घर-घर जाकर पुष्टि करें।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, विशेष मतदाता संशोधन अभियान (SIR) के तहत ड्राफ्ट रोल से कुल 44,787 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, जो कुल मतदाताओं का लगभग 21.7 प्रतिशत है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी 2025 में भवानीपुर में कुल 2,06,295 मतदाता थे, जबकि अब ड्राफ्ट रोल में केवल 1,61,509 नाम ही दर्ज हैं। TMC का कहना है कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम को मृत, स्थानांतरित या अनुपस्थित दिखाकर सूची से हटाया गया है, जो स्वीकार्य नहीं है। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि किसी भी वैध मतदाता का नाम हटना नहीं चाहिए और सभी हटाए गए नामों की भौतिक जांच जरूर की जाए।
भवानीपुर में 3 वार्डों पर विशेष ध्यान, TMC करेगी मतदाता सूची की घर-घर जांच
भवानीपुर विधानसभा सीट में कोलकाता नगर निगम के वार्ड 63, 70, 71, 72, 73, 74, 77 और 82 शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वार्ड 70, 72 और 77 में सबसे अधिक मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। विशेष रूप से अल्पसंख्यक बहुल वार्ड 77 को जांच के दौरान प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया है। भवानीपुर घनी आबादी वाला शहरी क्षेत्र है, जहां उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा मूल के निवासियों की अच्छी-खासी संख्या है। ड्राफ्ट रोल जारी होने के बाद अब दावों और आपत्तियों की सुनवाई प्रक्रिया शुरू होने वाली है। इसको देखते हुए TMC ने स्थानीय नेतृत्व को निर्देश दिया है कि सत्यापन के दौरान प्रभावित मतदाताओं के साथ लगातार संपर्क में रहें और उनका समर्थन करें।
TMC करेगी ‘मे आई हेल्प यू’ कैंप की शुरुआत
TMC ने स्थानीय इकाइयों को निर्देश दिया है कि वे ‘मे आई हेल्प यू’ नाम से मोहल्ला स्तर पर कैंप चलाएं। इन कैंपों का मकसद मतदाताओं को दस्तावेज तैयार करने, फॉर्म भरने और सुनवाई प्रक्रिया में मदद प्रदान करना है। जरूरत पड़ने पर पार्टी के स्वयंसेवक घर-घर जाकर सीधे लोगों की सहायता करेंगे, ताकि कोई भी वैध मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।
चार विधानसभा सीटों से 2.16 लाख से अधिक मतदाता नाम हटाए गए
ड्राफ्ट रोल के अनुसार, भवानीपुर, कोलकाता पोर्ट, बालिगंज और राशबिहारी जैसी चार राजनीतिक रूप से अहम विधानसभा सीटों से कुल 2.16 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। यह संख्या इन सीटों की संयुक्त मतदाता सूची का लगभग 24 प्रतिशत है। एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने से पहले इन चार सीटों पर कुल मतदाता संख्या लगभग 9.07 लाख थी। वहीं, अब हटाए गए नामों की पुष्टि और सत्यापन के लिए अब TMC सक्रिय हो गई है।




