श्रीनगर, 03 मार्च (हि.स.)। श्रीनगर के बाहरी इलाके खोनमोह में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी ही सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। लेफ्टिनेंट कर्नल सुदीप भगत श्रीनगर के बाहरी इलाके खोनमोह में सेना की 5321 एएससी बटालियन में तैनात थे। बुधवार सुबह जब उनके शिविर से गोली चलने की आवाज अन्य अधिकारियों व सैन्य जवानों ने सुनी तो अफरा-तफरी मच गई। अधिकारी व जवान कर्नल सुदीप भगत के शिविर की ओर भागे। लेफ्टिनेंट के शिविर में पहुंचने पर देखा कि सुदीप भगत जमीन पर खून से लथपथ पड़े थे। उनकी सर्विस राइफल उनके पास ही पड़ी हुई थी। जवानों ने तुरंत लेफ्टिनेंट कर्नल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत लाया घोषित कर दिया। इस वारदात के कुछ ही देर बाद पुलिस की एक टीम भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कानूनी कार्रवाई पूरी होने पर शव को बटालियन को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मौके से बरामद सर्विस राइफल भी अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है। हिन्दुस्थान समाचार/बलवान/सुनीत




