नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज डेस्क। कर्नाटक चुनाव में राजनीति चरम पर है। जहां एक तरफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के ‘मोदी सांप की तरह’ वाले पर घमासान मचा हुआ है। वहीं अब भाजपा विधायक ने सोनिया गांधी को लेकर विवादित बयान दे दिया है।
क्या है मामला?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री मोदी पर ‘जहरीले सांप’ वाली टिप्पणी पर हमला बोलते हुए कर्नाटक के बीजेपी विधायक बासनगौड़ा यतनाल ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को ‘विषकन्या’ कह दिया। इसपर अब राजनीति गर्म हो चुकी है। एक तरफ भाजपा खड़गे की शिकायत चुनाव आयोग से कर चुकी है तो वहीं कांग्रेस ने भाजपा विधायक पर FIR कराने की बात कर रही है।
बीजेपी विधायक बासनगौड़ा यतनाल के बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
भाजपा विधायक के बयान पर खड़ने ने कहा- “मैं इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहता, जिस व्यक्ति ने ये बात बोली है वे इस कद के नहीं हैं कि मैं उनकी बात का उत्तर दूं”। उन्होनें भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा- “ये दर्शाता है कि वे हमेशा ऐसी चीजें बोलते रहते हैं और दूसरों को पाठ पढ़ाते रहते हैं”।
BJP ने कांग्रेस को घेरा
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कांग्रेस पर हमवा बोलते हुए कहा- “कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र की मर्यादा को तोड़ने काम किया है, देश में नकारात्मक राजनीति करने का काम किया है”। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के बयान पर कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए उन्होनें कहा- “PM मोदी के बारे जो वाक्य कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बोले वे जानबूझ कर बोले हैं। वे कांग्रेस की गहरी घृणा की राजनीति का हिस्सा है। हमने चुनाव आयोग के सामने ज्ञापन दिया है और हम चाहते हैं कि चुनाव आयोग मामले में संज्ञान ले”।
कांग्रेस ने किया पलटवार
कांग्रेस की तरफ से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा- “पीएम मोदी अपने मन की बात की 100वीं कड़ी सुनाने जा रहे हैं। मगर एकाद कड़ी जनता के मन की भी सुन लेते, किसान, मजदूर, गरीब, नौजवान, आदिवासियों के मन की बात को भी सुन लेना चाहिए। जो वो नहीं सुन रहे हैं”। भाजपा विधायक के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी हर बार सोनिया गांधी को टारगेट करती है। उनके राष्ट्रीय नेताओं ने सोनिया गांधी के बारे में कितनी बार अनर्गल बातें कही हैं। बीजेपी को ही दूसरे के बारे में बोलने का अधिकार है, लेकिन दूसरों के बोलने से तकलीफ होती है। जिस तरह से मल्लिकार्जुन खड़गे के जहरीले सांप वाले बयान को लेकर वे देशभर में विरोध कर रहे हैं। फिर भी खड़गे ने बड़प्पन दिखाते हुए अपना बयान वापस ले लिया, लेकिन आज उनके विधायक सोनिया गांधी को विषकन्या कह रहे हैं।




