नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर मंगलवार 12 अगस्त 2025 को बक्सर पहुंचे। यहां उन्होंने दावा किया कि इस साल नवंबर तक नीतीश कुमार की सत्ता से विदाई तय है। PK ने कहा कि उनकी बदलाव यात्रा पूरे बिहार में चल रही है और जनता जाति, धर्म और पार्टी की सीमाओं से ऊपर उठकर नई राजनीति और बदलाव चाहती है।
‘मेरा बेटा देश के बेहतरीन स्कूल में पढ़ता है’
मीडिया के सवाल पर PK ने कहा, “मेरा बेटा देश के सबसे अच्छे स्कूल में पढ़ता है, बिहार में नहीं। लेकिन मैं बिहार को सुधारने के लिए संघर्ष कर रहा हूं। मैंने भी यहीं बोरा वाला सरकारी स्कूल से पढ़ाई की है और अपने दम पर आगे बढ़ा हूं, किसी से लूटकर नहीं।
गरीब वोटरों के नाम हटाने का आरोप
PK ने बीजेपी और नीतीश सरकार पर आरोप लगाया कि SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के जरिए गरीब और प्रवासी बिहारी मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे जा रहे हैं।उनका कहना है कि गरीब जनता शराबबंदी और भ्रष्टाचार से नाराज है सरकार को डर है कि ये वोट उनके खिलाफ पड़ेंगे इसलिए योजनाबद्ध तरीके से नाम हटाए जा रहे हैं
चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल
प्रशांत किशोर ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा, “चाहे जितने नाम काट लिए जाएं, लेकिन जो मतदाता बचेंगे, वे भी काफी हैं बीजेपी और नीतीश सरकार को हटाने के लिए। PK के इस बयान ने बिहार की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। वे लगातार राज्य में बदलाव की बात कर रहे हैं, लेकिन इन दावों का असली असर चुनाव नतीजों में ही सामने आएगा। डुमरांव की सभा के दौरान भोजपुरी के चर्चित लोकगायक भरत शर्मा व्यास जन सुराज पार्टी में शामिल हुए। पीके ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि जो लोग बिहार में बदलाव लाना चाहते हैं, वे जन सुराज से जुड़ेंगे।




