नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सोमवार को अपनी बिहार बदलाव यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने दोनों नेताओं को सीधे-सीधे राज्य की बदहाली का जिम्मेदार ठहराया है।
तेजस्वी को बताया ‘कट्टा वाला नेता’
प्रशांत किशोर ने छातापुर (सुपौल) की सभा में तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा,“जब उनके माता-पिता (लालू-राबड़ी) की सरकार थी, तब बिहार की पहचान ‘कट्टा बनाने वाले राज्य’ के रूप में होती थी. अगर ये फिर सत्ता में आते हैं, तो वही अपहरण, रंगदारी और लूटपाट का दौर लौट आएगा. उन्होंने कहा कि तेजस्वी के शब्द उनके संस्कार और सोच को दिखाते हैं. पीके ने चुटकी लेते हुए कहा। तेजस्वी से आप मर्यादित भाषा की उम्मीद नहीं कर सकते।
नीतीश कुमार अब सरकार चलाने लायक नहीं
नीतीश कुमार पर भी प्रशांत किशोर ने हमला बोलते हुए कहा कि अब वे मानसिक और शारीरिक रूप से मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी निभाने में असमर्थ हैं. “अब सरकार उनके कुछ अफसर और भ्रष्ट मंत्री चला रहे हैं. मुख्यमंत्री का इकबाल खत्म हो चुका है, उन्होंने कहा। प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और जनता को इसका असर साफ दिख रहा है, लेकिन सत्ताधारी नेताओं की संवेदनाएं मर चुकी हैं।
जनता समझदार है, नया रास्ता चुनेगी
अपनी ‘जन सुराज’ योजना पर बात करते हुए पीके ने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है. लोग शिक्षा, रोजगार और सुरक्षित भविष्य चाहते हैं, न कि जाति और परिवारवाद की राजनीति,” उन्होंने कहा। हमारी पार्टी किसी एक व्यक्ति, परिवार या जाति की नहीं है. यह हर उस बिहारवासी की है जो राज्य को विकसित देखना चाहता है।” प्रशांत किशोर ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया कि वे ना केवल नीतीश और तेजस्वी के खिलाफ हैं, बल्कि बिहार की राजनीति को पूरी तरह बदलने के मिशन पर हैं. उनके तीखे शब्दों और जमीन से जुड़े भाषणों से साफ है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में वे एक अहम भूमिका निभाने की तैयारी में हैं।




