लंदन, 12 मार्च (हि.स.)। ब्रिटेन ने म्यांमार में जारी हिंसा के मद्देनजर अपने नागरिकों को म्यांमार छोड़ने की सलाह दी है। ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि द फॉरेन डेवेलपमेंट एंड कॉमनवेल्थ ऑफिस की ओर से ब्रिटेन के नागरिकों को सूचित किया जाता है कि यदि बहुत ही जरूरी काम नहीं हो तो वह जल्द से जल्द म्यांमार छोड़ दें। उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन में 1 फरवरी के बाद से हुए सैन्य तख्ता पलट के बाद से सैन्य शासन के विरोध में प्रदर्शन तेज हो गए हैं। प्रदर्शनकारी नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी पार्टी की शीर्ष नेता आंग सान सू की और अन्य नेताओं को रिहा करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए किए जा रहे बल प्रयोग में अब तक बड़ी संख्या में लोग मारे जा चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर सेना के अत्याचार की निंदा की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/सुप्रभा सक्सेना




