नई दिल्ली, रफ्तार। भारत की सबसे बड़ी एनबीएफसी बजाज फाइनेंस को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बड़ी राहत दी है। आरबीआई ने बजाज फाइनेंस को ईकॉम और इंस्टा ईएमआई कार्ड से कर्ज की मंजूरी और वितरण पर लगी रोक हटा दी है। आरबीआई ने नवंबर 2023 में बजाज फाइनेंस को अपने दो कर्ज उत्पादों-ईकॉम और इंस्टा ईएमआई कार्ड के तहत लोन अप्रूवल और डिस्ट्रीब्यूशन को रोकने का आदेश दिया था। यह प्रतिबंध डिजिटल लोन दिशा-निर्देशों के मौजूदा प्रावधानों का पालन नहीं करने पर लगाया गया था। इस कारण चौथी तिमाही में कंपनी का मुनाफा चार प्रतिशत गिरा था। इस पाबंदी के बाद से कंपनी का शेयर पांच फीसदी गिरा हुआ है। कंपनी का कहना है कि वह अब ईएमआई कार्ड जारी करने समेत दोनों व्यावसायिक क्षेत्रों में लोन की मंजूरी और डिस्ट्रीब्यूशन फिर शुरू करेगी।
शेयर मार्केट को बजाज फाइनेंस ने दी जानकारी
कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि आरबीआई ने दो मई के अपने पत्र के जरिए कंपनी के उठाए गए सुधारात्मक कदमों के आधार पर ईकॉम और ऑनलाइन डिजिटल ‘इंस्टा ईएमआई कार्ड’ पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया गया। कंपनी ने बताय कि बजाज फाइनेंस नियामक निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उसने आरबीआई द्वारा लगाए गए नियामक प्रतिबंध के जवाब में जरूरी बदलाव किए हैं।
कंपनी ने समीक्षा कर प्रतिबंध हटाने की अपील की थी
बजाज फाइनेंस ने आरबीआई से प्रतिबंधों की समीक्षा कर हटाने की अपील की थी। केंद्रीय बैंक ने कहा कि कंपनी द्वारा आरबीआई के डिजिटल लोन गाइडलाइन के मौजूदा प्रावधानों का पालन नहीं करने, विशेष रूप से इन दो प्रोडक्ट के तहत उधार लेने वालों को मुख्य तथ्य विवरण जारी न करने और की-फेक्ट स्टेटमेंट में कमियों की वजह से यह कार्रवाई की गई थी।
कंपनी का मार्केट कैप 4,25,931.37 करोड़
आरबीआई से राहत मिलने के बाद कंपनी के शेयरों में तेजी की उम्मीद है। कंपनी का शेयर गुरुवार को 0.72 फीसदी गिरकर 6881.00 रुपए पर बंद हुआ था। कंपनी का 52 हफ्ते का हाईएस्ट लेवल 8190.00 रुपए है। बीते साल छह अक्टूबर को यह इस स्तर पर पहुंचा था। मार्केट कैप के लिहाज से यह देश की सबसे बड़ी एनबीएफसी है। कंपनी का मार्केट कैप 4,25,931.37 करोड़ रुपए है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




