नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । एपल ने हाल ही में iPhone 17 सीरीज़ लॉन्च की, जिसकी शुरुआती कीमत 82,900 रुपये है। इसके लॉन्च के साथ ही सवाल उठ रहा है कि क्या उपयोगकर्ताओं को नया iPhone 17 खरीदना चाहिए या डिस्काउंट पर उपलब्ध iPhone 16 ही बेहतर विकल्प होगा। आइए जानते हैं दोनों मॉडलों के बीच के फर्क और आपके लिए कौन-सा खरीदना बेहतर रहेगा।
दोनों फोन में कीमत का बड़ा अंतर
iPhone 16 की कीमत अब लगभग 69,900 रुपये हो गई है, जबकि iPhone 17 का बेस मॉडल 82,900 रुपये से शुरू होता है। इसके Pro और Pro Max वेरिएंट्स इससे भी महंगे हैं। इस कीमत अंतर के कारण उपयोगकर्ताओं के सामने यह सवाल है कि कौन सा मॉडल बेहतर विकल्प होगा। ऐसे में अगर आपका बजट टाइट है और आप 13 से 15 हजार रुपये बचाना चाहते हैं तो iPhone 16 अब भी एक किफायती सौदा साबित हो सकता है।
डिस्प्ले और विज़ुअल अनुभव
iPhone 16 में साधारण OLED डिस्प्ले है, जबकि iPhone 17 में 6.3 इंच का ProMotion OLED डिस्प्ले है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट, 3000 निट्स ब्राइटनेस और Always-On डिस्प्ले जैसी खूबियों के साथ आता है। स्मूद एनीमेशन और बेहतर आउटडोर विज़िबिलिटी के लिए iPhone 17 बेहतर विकल्प है।
परफॉर्मेंस और फोन का स्पीड
iPhone 16 का A18 चिप स्थिर प्रदर्शन देता है, लेकिन नया iPhone 17 A19 चिप और N1 नेटवर्किंग चिप (Wi-Fi 7 और Bluetooth 6) के साथ आता है। कंपनी का दावा है कि यह 20% तेज़ प्रदर्शन और AI-फ्रेंडली अनुभव देता है।
बैटरी पिकअप और चार्जिंग
रिपोर्ट के अनुसार, iPhone 17, iPhone 16 से लगभग 8 घंटे लंबा वीडियो प्लेबैक देता है और 20 मिनट में 50% तक चार्ज हो जाता है। जबकि iPhone 16 की बैटरी बैकअप ठीक है, लंबी उपयोग अवधि में iPhone 17 इसे पीछे छोड़ देता है, जिससे यह बैटरी परफॉर्मेंस में बेहतर विकल्प बन जाता है।
कैमरा अपग्रेड्स और क्वालिटी
iPhone 16 का कैमरा शानदार है, लेकिन iPhone 17 में इसे और बेहतर बनाया गया है। इसमें 48MP Dual Fusion सिस्टम (वाइड + अल्ट्रा-वाइड) और 18MP फ्रंट कैमरा है, जो Centre Stage और Dual Capture फीचर सपोर्ट करता है। कम रोशनी और मल्टी-एंगल शॉट्स के लिए iPhone 17 बेहतर विकल्प है।
भारतीय यूजर्स के लिए कौन सा फोन अच्छा
यदि आपका बजट सीमित है और कुछ फीचर्स की कमी स्वीकार्य है, तो iPhone 16 69,900 रुपये में वैल्यू-फॉर-मनी विकल्प है। लेकिन स्मूद डिस्प्ले, तेज़ परफॉर्मेंस, लंबी बैटरी और बेहतर कैमरा चाहते हैं तो iPhone 17 में निवेश अधिक फ्यूचर-रेडी साबित होगा।





