नई दिल्ली, रफ्तार। रोहित शर्मा के नेतृत्व में टीम इंडिया आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीत चुकी है। सूर्यकुमार यादव द्वारा बाउंड्री लाइन पर लिया गया डेविड मिलर का कैच मैच का टर्निग प्वाइंट रहा। सूर्या ने बाउंड्री के बाहर जाती गेंद को लपक लिया था। सूर्यकुमार यादव का यह कैच सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बाद सोशल मीडिया पर भारतीय महिला टीम की खिलाड़ी हरलीन देओल का भी वैसा ही कैच तेजी से वायरल हो रहा है। हरलीन देओल ने सूर्यकुमार यादव की तरह ही बाउंड्री के अंदर करीब-करीब पहुंच चुकी गेंद को लपक लिया था। हरलीन का यह वीडियो तीन साल पुराना है।
एमी जोन्स का लपका था मैच
साल 2021 में हरलीन देओल ने इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के पहले मैच में यह कैच लपका था। हरलीन का वह कैच सूर्या के कैच का एक्शन रिप्ले लग रहा है। हरलीन ने लॉन्ग ऑफ पर फील्डिंग के दौरान एमी जोन्स का कैच पकड़ा था। वैसे, भारतीय टीम वह मुकाबला नहीं जीत सकी थी। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाए थे। बारिश के कारण भारत को 8.4 ओवर में डकवर्थ लुइस नियम के तहत 73 रनों का लक्ष्य दिया गया था। भारतीय टीम 8.4 ओवर में 3 विकेट पर 54 रन बना पाया था।
शुभमन गिल ने दिए थे बैटिंग टिप्स
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम ने शुभमन गिल ने हरलीन को बल्लेबाजी के टिप्स दिए थे। 25 साल की हरलीन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। गिल और हरलीन के इस मुलाकात का वीडियो गुजरात टाइटंस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया था। हरलीन ने भारतीय टीम के लिए अब तक 10 वनडे मैच और 24 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेली हैं। वह गुजरात टाइटंस महिला टीम की सलामी बल्लेबाज हैं। दूसरी ओर शुभमन गिल अभी टीम इंडिया के कप्तान हैं। उन्हें जिम्बाब्वे दौरे के लिए कप्तानी सौंपी गई है।
धोनी ने दिलाई थी पहली टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी
रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इंडिया के खाते में 17 साल बाद टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी आई। टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। इससे पहले महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में टीम इंडिया ने टी-20 वर्ल्ड कप जीता था।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:– www.raftaar.in




