नई दिल्ली, रफ्तार। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए जारी क्वालीफायर राउंड के बीच भारतीय टीम के कप्तान 39 वर्षीय सुनील छेत्री ने अपने संन्यास का ऐलान कर दिया है। आज सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो पोस्ट कर छेत्री ने यह जानकारी दी। इस दौरान वह काफी भावुक नजर आए। उन्होंने बताया कि वह अंतर्राष्ट्रीय कॅरियर का आखिरी मुकाबला 6 जून को कुवैत के खिलाफ खेलेंगे। स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने भारतीय टीम को कई अहम मुकाबलों में जीत दिलाई है। छेत्री ने 150 मैच खेले हैं। उन्होंने 20 साल के कॅरियर में 94 गोल किए हैं।
डेब्यू वाले दिन को कभी नहीं भूल सकता
एक्स पर पोस्ट किए गए वीडियो में छेत्री ने अपने डेब्यू मैच को याद किया। उन्होंने अपने सुखी सर को याद किया। वह उनके पहले नेशनल टीम के कोच थे। छेत्री ने कहा कि सुखी सर ने उनसे पहले मैच में कहा था कि अब आप स्टार्ट कर सकते हैं। वह उस फीलिंग को बयां नहीं कर सकते हैं। यह कहा कि उस मैच में मैंने पहला गोल किया था। उन्होंने जब नेशनल टीम की जर्सी पहनी तो वह अलग फीलिंग थी। मैं डेब्यू वाले दिन को कभी नहीं भूल सकता हूं।
नेशनल टीम के साथ ट्रेनिंग इंजॉय करता हूं
छेत्री ने आगे कहा कि बीते 19 साल में मुझे जो चीजें याद हैं… वह ड्यूटी, प्रेशर, अपार खुशी के बैलेंस हैं। मैंने व्यक्तिगत रूप से कभी नहीं सोचा था कि यही वह खेल है, जो मैंने देश के लिए खेला। मैं नेशनल टीम के साथ ट्रेनिंग को इंजॉय करता हूं।
टीम को अगले दौर में क्वालिफाई करने को 3 अंकों की जरूरत
छेत्री ने कहा कि कुवैत के खिलाफ मुकाबले में प्रेशर रहेगा। हमें अगले दौर में क्वालिफाई करने को तीन अंकों की जरूरत है। छेत्री ने संकेत दिया कि अब भारतीय टीम की ‘नंबर नाइन’ जर्सी की अगली पीढ़ी को देने का मौका है। छेत्री अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे अधिक गोल दागने के मामले में चौथे नंबर पर हैं। पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो पहले स्थान पर हैं। रोनाल्डो ने 206 मैच खेलकर 128 गोल दागे हैं। दूसरे नंबर पर ईरान के पूर्व खिलाड़ी अली दई हैं। उनके नाम 148 मैचों में 108 गोल जुड़े हैं। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने 106 (180 मैच) गोल के साथ तीसरे स्थान पर हैं।अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





