नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। विनेश फोगाट ने संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्होंने ट्विटर पर एक भावुक पोस्ट के साथ कुश्ती को अलविदा कहा। एक दिन पहले ही विनेश फोगाट को वजन 100 ग्राम ज्यादा होने की वजह से ओलंपिक फाइनल के लिए अयोग्य करार दिया गया था।
विनेश ने ट्वीट किया, ‘मां, कुश्ती मेरे से जीत गई। मैं हार गई। माफ करना, आपका सपना, मेरी हिम्मत सब टूट चुके। इससे ज्यादा ताकत नहीं रही अब। अलविदा कुश्ती 2001-2024। आप सबकी हमेशा ऋणी रहूंगी। माफी।’
[EMBED]
माँ कुश्ती मेरे से जीत गई मैं हार गई माफ़ करना आपका सपना मेरी हिम्मत सब टूट चुके इससे ज़्यादा ताक़त नहीं रही अब।
अलविदा कुश्ती 2001-2024 🙏
आप सबकी हमेशा ऋणी रहूँगी माफी 🙏🙏
— Vinesh Phogat (@Phogat_Vinesh) August 7, 2024
एक दिन पहले महिला टीम के कोच वीरेंद्र दहिया ने बताया था कि ओलंपिक फाइनल के लिए अयोग्य घोषित होने के बाद विनेश ने कहा था,’ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि हम मेडल से चूक गए, लेकिन यह खेल का हिस्सा है।’
क्यों बाहर हो गईं विनेश?
विनेश हमेशा 53 किलो वाली कैटेगिरी में खेलती हैं। पेरिस ओलंपिक में वह 50 किलो वर्ग में खेल रही थीं। 50 किलो वर्ग में खेलने के लिए वज़न मेंटेन करना बेहद मुश्किल होता है। सेमीफाइनल बाउट से पहले विनेश का वज़न 50 किलो से नीचे था। फाइनल मुकाबले के लिए ज़रूरी था कि उनका वज़न 50 से नीचे ही रहे। लेकिन सेमीफाइनल के बाद रात में जब विनेश का वज़न मापा गया तो वो करीब 52 किलो था। विनेश ने वज़न कम करने के लिए रातभर मेहनत की। पानी नहीं पिया, इससे उनका वज़न 1.9 किलो तक कम भी हो गया, लेकिन उनका वज़न 50 किलो से 100 ग्राम ऊपर ही रहा। इस वजह से उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया।
‘वज़न कम करने के लिए जो हो सकता था किया’
भारतीय कंटिंजेंट के चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर दिनशॉ परदीवाला ने कहा, ‘हम जितना कर सकते थे उतनी कोशिश की। रातभर में हमने उनके बाल काटने से लेकर उनके कपड़े छोटे करने जैसे ड्रास्टिक कदम भी उठाए। इसके बाद भी हम 50 किलो कैटेगिरी के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाए।’ वहीं, भारतीय ओलंपिक असोसिएशन की प्रमुख पीटी उषा का कहना है कि असोसिएशन का पूरा सपोर्ट विनेश के साथ है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://raftaar.in/





