नई दिल्ली, रफ्तार। ओलंपिक में भारत की ओर से खेलने वाली पहली विधायक श्रेयसी सिंह आज शूटिंग में निशाना साधेंगी। श्रेयसी का राजेश्वरी कुमारी के साथ क्वालीफाइंग मैच है। वह ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली देश की पहली विधायक हैं। पेरिस ओलंपिक के लिए भारतीय निशानेबाजी टीम में श्रेयसी का चयन हुआ है।
बिहार की पहली एथलीट हैं श्रेयसी
श्रेयसी बिहार की पहली एथलीट हैं, जिन्होंने समर ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया है। उनका चयन शॉटगन ट्रैप शूटिंग के लिए किया गया है। इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (ISSF) से मंजूरी लेने के बाद श्रेयसी को पेरिस ओलंपिक के लिए अंतिम 21 सदस्यीय शूटिंग टीम के हिस्से के रूप में शामिल किया गया। दरअसल, भारतीय संघ ने विश्व संस्था से कोटा बदलने की अपील की थी। दरअसल, मनु भाकर एयर पिस्टल और स्पोर्ट्स पिस्टल में टॉप पर थीं। उनका एक कोटा स्थान महिला ट्रैप निशानेबाजी में बदला गया। इससे श्रेयसी को टीम में जगह मिल गई।
दादा और पिता रहे हैं NRAI के अध्यक्ष
श्रेयसी के दादा कुमार सेरेंदर सिंह और पिता दिग्विजय सिंह नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के अध्यक्ष रहे थे। श्रेयसी जमुई के गिद्धौर की रहने वाली हैं। उनके पिता केंद्रीय मंत्री थे। उनकी मां पुतुल कुमारी भी बांका से पूर्व सांसद हैं। श्रेयसी दिल्ली के हंसराज कॉलेज में आर्ट्स की छात्रा थीं। वह मानव रचना इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी फरीदाबाद से एमबीए कर चुकी हैं।
श्रेयसी की उपलब्धियां
2014 में कॉमनवेल्थ गेम्स में ग्लासगो, स्कॉटलैंड में सिंगल डबल ट्रैप इवेंट के फाइनल में 92 अंक पाए थे। उन्हें सिल्वर मेडल हासिल हुआ था। 2014 में इंचियोन में एशियाई खेलों में डबल ट्रैप टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। 2017 में 61वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल किया था। 2017 में ही ब्रिस्बेन में खेले गए कॉमनवेल्थ शूटिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल अपने नाम किया था।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें– https://www.raftaar.in





