नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । पाकिस्तान क्रिकेट के लिए हालात चिंता बढ़ाने वाले बने हुए हैं। मेंस एशिया कप में भारत के खिलाफ फाइनल समेत तीनों मैचों में हार के बाद अब ICC विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में भी पाकिस्तानी टीम संघर्ष करती दिख रही है। फिलहाल, टीम को एक परेशान करने वाली खबर सामने आई है।
ICC विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में पाकिस्तानी महिला टीम को अपने दोनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा, जिसमें दूसरी हार टीम इंडिया के खिलाफ आई। इसी बीच टीम की स्टार बल्लेबाज सिदरा अमीन को मैच के दौरान अनुचित व्यवहार करने पर ICC ने सजा भी दी है।
सिदरा अमीन को क्यों मिली सजा
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में 5 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच महिला वर्ल्ड कप का मुकाबला खेला गया। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 248 रन का लक्ष्य दिया। लेकिन पाकिस्तानी टीम फिर असफल रही और केवल 159 रन पर ऑल आउट हुई। टीम की अनुभवी बल्लेबाज सिदरा अमीन ने 81 रन की शानदार पारी खेलकर कुछ उम्मीदें कायम कीं।
मैदान पर अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं
40वें ओवर में सिदरा अमीन की पारी समाप्त हो गई और उन्हें भारतीय स्पिनर स्नेह राणा ने पवेलियन भेज दिया। टीम को जीत नहीं दिला सकने और शतक से चूकने की निराशा में सिदरा ने पवेलियन लौटते समय गुस्से में अपना बैट मैदान पर पटक दिया। ICC ने इस अनुचित व्यवहार को गंभीर माना और मैच रेफरी ने 33 साल की इस बल्लेबाज को सजा दी।
सिदरा अमीन को ICC ने दी कड़ी सजा’
मैच के अगले दिन, सोमवार 6 अक्टूबर को ICC ने प्रेस रिलीज में बताया कि सिदरा अमीन ने कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन किया। यह आर्टिकल अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, कपड़े या मैदान पर लगे उपकरणों के साथ दुर्व्यवहार को रोकने से संबंधित है। गुस्से में बैट को पटकना इसी श्रेणी में आता है और इसके लिए उन्हें दंडित किया गया।
मैच रेफरी ने सिदरा अमीन की हरकत को लेवल-1 का अपराध माना और उन्हें फटकार लगाई। चूंकि यह लेवल-1 का उल्लंघन था, उनकी मैच फीस में कोई कटौती नहीं हुई, लेकिन उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट जुड़ गया।




