नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने पहली सूची में 11 उम्मीदवारों के नाम जारी किए हैं। बिहार प्रभारी अजेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने उम्मीदवारों की इस सूची को सार्वजनिक किया। सोमवार को स्थानीय होटल में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पहली सूची जारी की गई।
AAP ने कहा कि, वह बिहार की सभी 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। पार्टी पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा तैयार मॉडल के साथ चुनाव में उतरेगी, जो दो राज्यों में पहले ही लागू हो चुका है। बिहार में पलायन, बेरोजगारी और महंगाई मुख्य मुद्दे होंगे।
बिहार में दो बड़े गठबंधन एनडीए और इंडिया अलायंस अभी तक सीटों का फार्मूला तय नहीं कर पाए हैं। इसी बीच AAP ने पहली सूची जारी कर उम्मीदवारों को फाइनल करने वाली पहली पार्टी बनने का दावा किया है।
महागठबंधन में सीट शेयरिंग के मसले को दो से तीन दिनों में फाइनल करने की संभावना बताई जा रही है। नेता मुकेश सहनी ने कहा कि महागठबंधन में सबकुछ सेट हो गया है और अब बस इसका औपचारिक ऐलान बाकी है।
NDA में सीट शेयरिंग को लेकर बैठकें जारी
एनडीए में सीट शेयरिंग और चुनावी रणनीति पर बैठकें लगातार चल रही हैं। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पटना में कैंप कर सभी गठबंधन दलों के नेताओं से मिल रहे हैं। रविवार को उन्होंने ललन सिंह, उपेंद्र कुशवाहा और जीतनराम मांझी से चर्चा की।
सीट शेयरिंग जल्द फाइनल होने का संकेत
सीट शेयरिंग कब फाइनल होगी, इसकी कोई निश्चित तारीख सामने नहीं आई है। जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि महागठबंधन में सबकुछ अगले एक सप्ताह के भीतर साफ हो जाएगा। इससे गठबंधन की अंतिम रूपरेखा जल्द ही सामने आने की उम्मीद है।
AAP ने बिहार चुनाव के लिए जारी कि पहली सूची
आम आदमी पार्टी (AAP) ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पहली सूची जारी की है। सूची में 11 उम्मीदवार शामिल हैं, जिनमें डॉ मीरा सिंह (बेगूसराय), योगी चौपाल (कुशेश्वरस्थान, दरभंगा), अमित कुमार सिंह (तरैया, सारण), भानु भारतीय (कसबा, पूर्णिया), शुभदा यादव (बेनीपट्टी, मधुबनी), अरुण कुमार रजक (फुलवारीशरीफ, पटना) सहित अन्य शामिल हैं।




