नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । आईसीसी महिला विश्व कप 2025 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का चौथा मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ है। इससे पहले आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान मिताली राज को उनके योगदान के लिए बड़ा सम्मान देने का ऐलान किया है।
महिला क्रिकेट की दिग्गज मिताली राज ने अपने शानदार प्रदर्शन और योगदान से टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। अब उन्हें ICC महिला विश्व कप 2025 के दौरान एक बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है।
ACA ने किया बड़ा ऐलान
आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) ने विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में दो स्टैंड्स का नामकरण करने का निर्णय लिया है। इनमें से एक स्टैंड भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज के नाम और दूसरा आंध्र की खिलाड़ी रवि कल्पना के नाम रखा जाएगा।
कब मिलेगा दोनों दिग्गजों को सम्मान?
मिताली राज और रवि कल्पना को यह सम्मान भारतीय महिला क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के बीच मैच के दौरान दिया जाएगा। यह टीम इंडिया का ICC महिला विश्व कप 2025 में चौथा मुकाबला होगा, जो 12 अक्टूबर को एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा।
बता दें कि, यह पहली बार है कि एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में महिला क्रिकेटर्स को इस तरह का सम्मान मिल रहा है। मिताली राज को भारतीय महिला टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का श्रेय दिया जाता है और उन्हें दुनिया की सबसे सफल बल्लेबाजों में गिना जाता है।
वहीं, रवि कल्पना एक विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से राज्य स्तर से नेशनल टीम तक का सफर तय किया है। उनका क्रिकेट सफर युवा लड़कियों के लिए प्रेरणादायक है।
मिताली राज का क्रिकेट करियर
42 वर्षीय मिताली राज ने 1999 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया और 2022 में 23 साल लंबे शानदार करियर का समापन किया। वह 200 से अधिक वनडे मैच खेलने वाली अकेली महिला और छह अलग-अलग वर्ल्ड कप खेल चुकी पहली खिलाड़ी हैं। उनकी कप्तानी में भारत दो बार (2005, 2017) वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंचा। टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाली मिताली भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे बड़ी प्रेरणा हैं।
मिताली राज ने 232 वनडे मैचों में 50.68 की शानदार एवरेज से 7,805 रन बनाए, जिसमें 7 शतक और 64 अर्धशतक शामिल हैं। टी20 में 89 मैचों में उन्होंने 2,364 रन बनाए और 17 अर्धशतकीय पारियां खेली। अपने करियर में 12 टेस्ट मैचों की 19 पारियों में मिताली ने 43.68 की एवरेज से 699 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं।
महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम
आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन का यह कदम महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण है, जो खेल में महिलाओं के योगदान को सराहता है। ICC महिला वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय टीम ने अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।





