नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। मुंबई से AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने ICC T20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना शहीदों का अपमान है और इसे तुरंत रोका जाना चाहिए।
इन घटनाओें का जिक्र किया
वारिस पठान ने अपने बयान में पुलवामा हमला, 26/11 मुंबई हमला, पहलगाम त्रासदी और हालिया रेड फोर्ट ब्लास्ट का जिक्र किया और बताया कि इन सभी घटनाओं में पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठनों का नाम सामने आया है। उनका कहना था कि जब देश आतंकवाद का दर्द झेल चुका है, ऐसे में पाकिस्तान के साथ मैच खेलना समझ से परे है।
”हम उन बहनों को क्या जवाब देंगे?”
उन्होंने विशेष रूप से कहा, पुलवामा और लाल किले के विस्फोट में जैश-ए-मोहम्मद का नाम आया। हमने ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव किए, फिर भी भारत पाकिस्तान के साथ मैच खेल रहा है। हम उन बहनों को क्या जवाब देंगे जिनका सिंदूर उजाड़ा गया?
वारिस पठान ने BCCI को सीधे आड़े हाथों लिया
वारिस पठान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जय शाह और BCCI को सीधे आड़े हाथों लिया। उनका कहना था, अगर BCCI में थोड़ा भी राष्ट्रवाद या देशभक्ति बची है, तो भारत को पाकिस्तान से मैच नहीं खेलना चाहिए। देश देख रहा है कि कौन सच्चा राष्ट्रवादी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान के साथ व्यापारिक संबंध खत्म कर दिए गए, फिल्म स्टार्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स तक को बैन किया गया, लेकिन फिर भी भारत-पाक मैच आयोजित किया जा रहा है।
BCCI को तुरंत कदम उठाना चाहिए
वारिस पठान ने कहा कि यह बहुत ही शर्मनाक और अपमानजनक है और BCCI को तुरंत कदम उठाना चाहिए। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि देश की मान-मर्यादा और बहनों की इज्जत के सवाल पर कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उनका बयान दर्शाता है कि भारत-पाक क्रिकेट संबंध अब भी विवादों और भावनाओं के केंद्र में है।
इस समय पूरे देश की नजरें BCCI पर हैं-वारिस पठान
वारिस पठान ने आगे कहा कि इस समय पूरे देश की नजरें BCCI पर हैं और यह देखा जा रहा है कि कौन सच्चा देशभक्त है। उनका यह बयान क्रिकेट और राजनीतिक दृष्टिकोण से काफी विवादित माना जा रहा है और इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज है। वारिस पठान का यह बयान दर्शाता है कि भारत-पाकिस्तान क्रिकेट संबंध अभी भी भावनाओं और सुरक्षा चिंताओं के केंद्र में हैं और यह मुद्दा आगामी ICC T20 विश्व कप 2026 के दौरान जोरशोर से सुर्खियों में रहेगा।





