नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भारत की दिग्गज महिला पहलवान विनेश फोगाट ने एक बार फिर कुश्ती के अखाड़े में लौटने का बड़ा फैसला किया है। पेरिस ओलंपिक 2024 के फाइनल में पहुंचने के बावजूद 100 ग्राम ज्यादा वजन होने के कारण उन्हें डिस्क्वालिफाई कर दिया गया था। इस बड़े झटके के बाद उन्होंने तुरंत संन्यास की घोषणा कर दी थी। लेकिन अब उन्होंने इस फैसले पर यू-टर्न लेते हुए कहा है कि वे फिर से लड़ने के लिए तैयार हैं।
विनेश बोलीं, “आग कभी खत्म नहीं होती”
सोशल मीडिया पर लिखे अपने भावुक संदेश में विनेश ने कहा कि पेरिस के बाद उन्हें खुद से दूर जाने और सांस लेने के लिए समय चाहिए था। उन्होंने लिखा, लोग पूछते रहे कि क्या पेरिस अंत था, लेकिन मेरे पास जवाब नहीं था। सालों बाद खुद को समझने का वक्त मिला। मुझे एहसास हुआ कि खेल के लिए आग अभी भी मेरे अंदर है। उन्होंने साफ कर दिया कि उनका रेसलिंग का सफर खत्म नहीं हुआ है।
LA 2028 ओलंपिक बनेगा नया लक्ष्य
विनेश फोगाट अब अपना पूरा ध्यान लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 (LA28) पर लगाना चाहती हैं। उन्होंने लिखा कि इस बार वह पहले से ज्यादा मजबूत मानसिकता और अनुशासन के साथ वापसी कर रही हैं उनका कहना है कि कुश्ती उनके खून में है और उससे दूरी उन्हें पूरी नहीं कर पाई।
”बेटा बना सबसे बड़ी प्रेरणा”
इस वापसी की सबसे भावुक बात यह है कि विनेश ने बताया कि उनके बेटे ने उनकी हिम्मत और प्रेरणा को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा, “इस बार मैं अकेली नहीं हूं। मेरा बेटा मेरे साथ है… मेरा सबसे बड़ा चीयरलीडर। विनेश ने यह भी बताया कि वह अपने बेटे को देखते हुए और ज्यादा मजबूत और दृढ़ महसूस करती हैं।
भारत को फिर मेडल की उम्मीद
विनेश फोगाट की वापसी से भारतीय कुश्ती जगत में नई जान आ गई है। पेरिस में उनका प्रदर्शन शानदार था वे फाइनल तक पहुंचीं दुनिया की नंबर- 1 पहलवान को हराया सिल्वर मेडल पक्का कर लिया था लेकिन वजन की वजह से उनका सपना टूट गया। अब LA 2028 में भारत को उनसे फिर एक मेडल की उम्मीद है।





