नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। टी20 विश्व कप का समापन 8 मार्च को होने जा रहा है। फाइनल के लिए क्वालिफाई करने वाली दो टीमें इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाने वाला है। दोनों टीमों की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। ऐसे में फैंस के मन में यह सवाल आ रहा है कि अगर मैच के दिन बारिश ने खेल में खलल डाला तो क्या होगा?
…तो बारिश कर देगी फाइनल का मजा किरकिरा?
अहमदाबाद के मौसम की बात की जाए तो फैंन को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। अहमदाबाद में बारिश की संभावना बिल्कुल न के बराबर है। हालांकि लगातार बढ़ती गर्मी खिलाड़ियों के लिए चिंता का सबब बन सकती है। दिन के समय अहमदाबाद का अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. रात में तापमान थोड़ा कम होकर करीब 23 डिग्री तक रहने की संभावना है।
क्या रिजर्व डे का है प्रावधान?
मौसम के लिहाज से तो मैच पूरा होने की संभावना है लेकिन आईसीसी ने किसी भी इमरजेंसी स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी कर ली है।अगर किसी वजह से मैच में बाधा आती है तो उसके लिए रिजर्व डे भी रखा गया है। अगर 8 मार्च को मैच पूरा नहीं हो पाता है तो 9 मार्च को रिजर्व डे के तौर पर रखा गया है। इसके अलावा मैच पूरा कराने के लिए दोनो टीमों को 120 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया गया है, ताकि दोनों टीमों को कम से कम 10-10 ओवर खेलने का मौका मिल सके और जो फैंस मैच का लुत्फ उठाने के लिए उत्सुक बैठे हैं उनकी इच्छापूर्ति हो सके।




