नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान की जमकर बैंड बजाई है। कोहली ने इस मैच में अपनी शतकीय पारी खेलकर दुबई के मैदान पर भारत की जीत का परचम फहरा दिया। कोहली ने 111 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें सात चौके भी शामिल रहे। उन्होंने 15 महीने बाद वनडे फॉर्मेट में शानदार वापसी कर शतक जमाया। यह उनकी 51वीं वनडे और इंटरनेशनल करियर की 82वीं सेंचुरी है। उनके शतक की बदौलत ही भारत की चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में एंट्री हुई है।
कोहली अगले दो या तीन सालों तक खेलते रहेंगे-नवजोत सिंह सिद्धू
कोहली की इस धमाकेदार पारी से गदगद हुए दिग्गज भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने बड़ा बयान दिया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू पाकिस्तान के खिलाफ कोहली के शानदार प्रदर्शन से काफी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि कोहली अगले दो या तीन सालों तक खेलते रहेंगे। उन्होंने भविष्यवाड़ी करते हुए कहा कि इस दौरान वे 10 या 15 और शतक और लगाने वाले हैं।
कोहली एक शानदार व्यक्तित्व हैं, जुनून हैं
नवजोत सिद्धू ने कहा कि “चरित्र संकट में नहीं बनता, बल्कि यह प्रदर्शित होता है। विराट कोहली एक ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके पास एक शानदार व्यक्तित्व है, जुनून हैं। मुुझे पूरा विश्वास है कि कोहली अगले 2 या 3 सालों तक खेलते रहेंगे। इस दौरान वे 10 से 15 शतक और लगाएंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के लिए आखिरी परीक्षा यही होती है कि वह विपरीत समय से कैसे निपटता है और विपरीत परिस्थितियों को कैसे स्वीकार करता है।
विराट कोहली कवर ड्राइव खेलते हैं।
सिद्धू ने आगे कहा कि जब विराट कोहली का मूल्यांकन करते हैं, तो देखते हैं कि उनका ट्रेडमार्क क्या है? अगर मैं सचिन तेंदुलकर को देखता हूं तो वे हमेशा बैक फुट पंच देते थे। गावस्कर हमेशा स्ट्रेट ड्राइव और जब विराट कोहली को देखते हैं तो वह कवर ड्राइव खेलते हैं। जिससे पता चल जाता है कि उनकी वापसी हो गई है।
कोहली एक कोहिनूर की तरह हैं
सिद्धू ने कहा कि ‘’मेरे लिए कोहली वह कैरेक्टर है जो उन्होंने मुश्किल समय में प्रदर्शित किया। खेल को आगे बढ़ाने के लिए आपको रोल मॉडल की जरूरत होती है, जो हर चीज से ऊपर हों। विराट कोहली एक पीढ़ी में एक बार आने वाले क्रिकेटर हैं। वह एक ‘कोहिनूर की तरह हैं।





