नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) 2025-26 के दौरान हाल ही में एक नया विवाद उभरकर सामने आया है। सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि भारतीय क्रिकेट प्रेजेंटर रिद्धिमा पाठक को बीपीएल के प्रेजेंटेशन पैनल से बाहर कर दिया गया। उन्हें ढाका लीग को कवर करने की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन बांग्लादेश पहुंचने से पहले ही उनकी जगह बदल दी गई। अब इस पूरे मामले पर खुद रिद्धिमा पाठक ने सफाई दी और इन अफवाहों का खंडन करते हुए सच्चाई बतायी।
रिद्धिमा पाठक ने BPL ड्रॉप की अफवाहों को किया खारिज
भारत की लोकप्रिय स्पोर्ट्स प्रेजेंटर रिद्धिमा पाठक ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर साफ किया कि उन्हें बीपीएल से बाहर नहीं किया गया। उन्होंने खुद यह निर्णय लिया कि वह इस लीग का हिस्सा नहीं बनेंगी।
रिद्धिमा ने कहा कि “पिछले कुछ घंटों में यह कहानी फैलाई जा रही थी कि मुझे बीपीएल से ड्रॉप कर दिया गया है, लेकिन यह सच नहीं है। मैंने स्वयं तय किया कि मैं इस लीग से हट जाऊं। मेरे लिए मेरा देश हमेशा पहले आता है और मैं क्रिकेट को किसी भी असाइनमेंट से ज्यादा महत्व देती हूं। मैंने सालों तक ईमानदारी, सम्मान और जुनून के साथ इस खेल की सेवा की है और यह हमेशा जारी रहेगा। मैं आगे भी खेल की भावना और स्पष्टता के लिए खड़ी रहूंगी। जो लोग इस दौरान मेरा समर्थन कर रहे हैं, उनका धन्यवाद। मेरे लिए आपके संदेश बहुत मायने रखते हैं। क्रिकेट हमेशा सच और खेल भावना का हकदार है और मैं उसी के साथ खड़ी रहूंगी। इस मामले में मेरी ओर से और कोई टिप्पणी नहीं।”
BPL-IPL विवाद
भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट संबंधों में तनाव बढ़ते हुए नजर आ रहे हैं। हाल ही में, BCCI के आदेश पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 टीम से बाहर कर दिया। इसके जवाब में बांग्लादेश ने आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगा दी और टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत आने से भी इनकार कर दिया। इस पूरे मामले से स्पष्ट हो गया है कि क्रिकेट से जुड़े हालिया विवाद सिर्फ खेल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राजनीति और कूटनीति से भी गहराई से जुड़े हुए हैं।





