नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के पक्तिका में सीजफायर का उल्लंघन करते हुए एयरस्ट्राइक की, जिसमें तीन क्रिकेटर्स समेत 8 लोगों की जान गई और सात घायल हुए। इस हमले में अफगानिस्तान के 3 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर की मौत हुई है। पाकिस्तानी कार्रवाई पर अफगान क्रिकेटर्स ने कड़ी आलोचना की है।
अफगान क्रिकेटरों ने पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक पर जताई नाराजगी
मोहम्मद नबी, राशिद खान, गुलबदीन नईब और फजलहक फारुखी ने पाकिस्तान के एयरस्ट्राइक हमले की कड़ी निंदा की है। ये खिलाड़ी पक्तिका की राजधानी शराना में एक फ्रेंडली मैच खेलने गए थे। घर लौटते समय उरगुन जिले में हमला हुआ, जिसमें कबीर, सिबगातुल्ला और हारून नामक तीन क्रिकेटर मारे गए।
अफगानिस्तान के सीनियर क्रिकेटर मोहम्मद नबी ने तीन क्रिकेटरों की मौत की खबर सुनकर गहरा दुख व्यक्त किया है। फेसबुक पोस्ट में उन्होंने इसे पूरे अफगानिस्तान के लिए शोक की घड़ी बताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
मोहम्मद नबी ने क्या कहा
मोहम्मद नबी ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, “उरगुन जिले में पाकिस्तान द्वारा पक्तिका के बहादुर खिलाड़ियों पर हमला सुनकर मुझे बहुत दर्द हुआ। यह घटना केवल पक्तिका के लिए नहीं, बल्कि पूरे अफगान क्रिकेट परिवार और देश के लिए बड़ा शोक है। मेरी संवेदनाएं इन निर्दोष खिलाड़ियों के परिवारों, मेरे दोस्तों और पक्तिका के लोगों के साथ हैं।”
गुलबदीन नईब का भावुक संदेश
गुलबदीन नईब ने एक्स (ट्विटर) पर कहा, “उरगुन, पक्तिका में हुए कायराना पाकिस्तानी हमले से गहरा दुख हुआ। इसमें हमारे साथी क्रिकेटरों और निर्दोष नागरिकों की शहादत हुई। पाकिस्तानी सेना का यह बर्बर कृत्य हमारे लोगों, हमारी शान और स्वतंत्रता पर हमला है, लेकिन यह कभी अफगान भावना को तोड़ नहीं सकता।”
फजलहक फारुखी ने पाकिस्तानी हमले की कड़ी निंदा की
फजलहक फारुखी ने फेसबुक पोस्ट में पाकिस्तानी हमले को “अक्षम्य अपराध” करार दिया और शहीदों के लिए जन्नत की दुआ मांगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों व घरेलू क्रिकेटरों की शहादत सम्मान नहीं, बल्कि बेशर्मियों का अंत है और ऐसे अत्याचार बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
राशिद खान ने मैच वापसी का समर्थन किया
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राशिद खान ने एक्स पर लिखा कि नागरिकों और युवा खिलाड़ियों को निशाना बनाना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है और यह मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पाकिस्तान के खिलाफ आगामी मैचों से वापसी के फैसले का भी समर्थन किया है।
सीजफायर के बाद पाकिस्तान ने किया एयरस्ट्राइक
बता दें कि दोनों देशों की सीमा पर कई दिनों तक संघर्ष के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने 48 घंटे के लिए संघर्षविराम पर सहमति जताई थी। लेकिन अफगान अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान की हालिया एयरस्ट्राइक स्पष्ट तौर पर इस सीजफायर का उल्लंघन है। एक वरिष्ठ तालिबान अधिकारी ने एएफपी को बताया कि पाकिस्तान ने संघर्षविराम तोड़कर पक्तिका प्रांत में तीन जगह बमबारी की है, और अफगानिस्तान इसका जवाब देगा।
बोर्ड ने ट्रायंगल T20I सीरीज से किया नाम वापस
पक्तिका में हुई दुखद घटना के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने शोक व्यक्त करते हुए नवंबर के अंत में होने वाली ट्रायंगल T20I सीरीज से अपना नाम वापस लेने का फैसला किया है। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और श्रीलंका की टीमें हिस्सा लेने वाली थीं।




