नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पिछले महीने 44 साल के हो गए, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अब तक आईपीएल से संन्यास का ऐलान नहीं किया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए पांच बार खिताब जीत चुके धोनी के अगले सीजन खेलने को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। अब धोनी ने एक ऐसा बयान दिया है, जिसने उनके फैंस को चौंका दिया है। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि वह IPL से कब रिटायर होंगे, लेकिन उनके इस बयान से यह संकेत जरूर मिल रहा है कि वे CSK का हिस्सा बने रहेंगे।
क्या बोले महेंद्र सिंह धोनी ?
एक कार्यक्रम के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए पांच बार आईपीएल खिताब जीत चुके महेंद्र सिंह धोनी ने कहा, “मैं और CSK साथ हैं। आप जानते हैं, अगले 15-20 साल तक भी हम साथ रहेंगे। लेकिन अब ये न सोचें कि मैं अगले 15-20 साल तक खेलूंगा।” धोनी ने यह भी स्पष्ट किया कि भले ही IPL में उनके खेलने के दिन अब गिने-चुने रह गए हों, लेकिन CSK के साथ उनका रिश्ता हमेशा बना रहेगा। उन्होंने कहा, “ये एक या दो साल की बात नहीं है। मैं हमेशा पीली जर्सी में ही रहूंगा। हो सकता है कि मैं कुछ समय बाद न खेलूं, लेकिन मेरा दिल हमेशा CSK के साथ रहेगा।” धोनी के इस बयान ने फैंस को जहां भावुक कर दिया, वहीं इस बात की तसल्ली भी दी कि उनका साथ टीम के साथ हमेशा रहेगा।
“हमेशा पीली जर्सी में रहूंगा”
महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि उनका CSK के साथ रिश्ता सिर्फ एक खिलाड़ी तक सीमित नहीं है, बल्कि उससे कहीं गहरा और भावनात्मक है। उन्होंने कहा, “मैंने हमेशा कहा है कि मेरे पास फैसला लेने के लिए बहुत समय है। लेकिन अगर आप मुझसे पीली जर्सी में वापसी के बारे में पूछ रहे हैं, तो मैं बस इतना कहूंगा कि मैं हमेशा पीली जर्सी में रहूंगा, चाहे खेलूं या नहीं, यह अलग बात है।”
धोनी ने पुष्टि की कि CSK के साथ उनका जुड़ाव आगे भी बना रहेगा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “CSK ने मुझे एक बेहतर इंसान और क्रिकेटर बनने में बहुत मदद की है।” उन्होंने टीम के पिछले प्रदर्शन पर भी बात की। धोनी ने माना कि IPL 2025 CSK के लिए निराशाजनक रहा, जहां टीम 14 में से सिर्फ 4 मुकाबले ही जीत सकी और पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही। इसके बावजूद उन्होंने उम्मीद जताई कि IPL 2026 में टीम शानदार वापसी करेगी।




