नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। ICC चेयरमैन ग्रेग बार्कले ने बताया कि वह 30 नवंबर को कार्यकाल खत्म होने के बाद तीसरे टर्म में इस जिम्मेदारी से खुद को अलग रखना चाहते हैं। ऐसे में मौजूदा BCCI सचिव जय शाह के भविष्य को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि जय शाह आईसीसी के चेयरमैन की रेस में शामिल हो सकते हैं और इस संबंध में वह 27 अगस्त को नॉमिनेशन भी भर सकते हैं।
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ने किया जय शाह का समर्थन
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ने जय शाह की उम्मीदवारी को अपना समर्थन देने का ऐलान किया है। आपको बता दें कि आईसीसी अध्यक्ष चुनाव में वोट करने वाले 16 सदस्यीय देशों से बीसीसीआई के अच्छे संबंध हैं, ऐसे में करीब करीब तय माना जा रहा है कि अगर जय शाह उम्मीदवार होते हैं तो अधिकतर देश उनका समर्थन करेंगे। मौजूदा समय में जय शाह बीसीसीआई सचिव होने के साथ साथ आईसीसी की शक्तिशाली वित्त और वाणिज्यिक मामलों की उप समिति के प्रमुख हैं।
आईसीसी में जिम्मेदारी संभालने वाले पांचवे भारतीय हो सकते हैं शाह
अगर जय शाह 27 अगस्त से पहले नॉमिनेशन कर देते हैं तो यह बहुत संभव है कि वह चुनाव जीत सकते हैं। चुनाव जीतने के साथ ही वह आईसीसी में भारत की ओर से नेतृ्त्व करने वाले पांचवे भारतीय बन जाएंगे। इससे पहले जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन श्रीनिवासन और शशांक मनोहर भी आईसीसी में भारत का नेतृत्व कर चुके हैं।
कैसे होता है आईसीसी का चुनाव?
आईसीसी के चुनावों में 16 सदस्यीय देश होते हैं जो चुनाव के दौरान वोट करने के लिए अधिकृत होते हैं। उम्मीदवार को जीत के लिए 9 वोट के साधारण बहुमत की जरुरत होती है, जिसे दूसरे शब्दों में कहें तो 51% वोट प्राप्त करना जरूरी होता है।





