नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में चोटिल हुए जसप्रीत बुमराह को चैंपियंस ट्रॉफी की टीम से बाहर किया जा सकता है। इसकी वजह है उनकी फिटनेस। हाल ही में उनकी बैक का ऑपरेशन हुआ था जिसके चलते वह रिकवरी मोड में हैं। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक अगर दिए हुए समय में जसप्रीत बुमराह फिट हो पाए तो यह किसी भी चमत्कार से कम नहीं होगा। उनका टीम इंडिया में बने रहना चैंपियंस ट्रॉफी के लिहाज से बेहद अहम है। न्यूजीलैंड के डॉक्टर रोवन शौटेन उनकी फिटनेस पर आखिरी फैसला लेंगे।
न्यूजीलैंड जा सकते हैं बुमराह
BCCI सूत्रों से मिल रही खबर के मुताबिक जसप्रीत बुमराह की फिटनेस के मद्देनजर उनकी सारी रिपोर्ट्स न्यूजीलैंड के डॉक्टर रोवन शौटेने के साथ साझा की जाएगी। अगर जरूरत पड़ी तो बुमराह को उनकी देखरेख में रिकवरी के लिए न्यूजीलैंड भी भेजा जा सकता है। हालांकि प्राथमिक तौर पर ये अभी तक डॉक्टर रोवन शौटेन के ओपिनियन पर निर्भर करेगा। बीसीसीआई उनकी फिटनेस पर नजर बनाए हुए है लेकिन उनका मानना है कि अगर जसप्रीत बुमराह दिए गए टाइम में पूरी तरह से फिट हो जाते हैं तो यह किसी चमत्कार से कम नहीं होगा।
अगर ये हुआ तो सिराज की एंट्री तय
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है जिसमें मोहम्मद सिराज को जगह नहीं मिली है। हालांकि अभी भी उनकी वापसी की उम्मीद है। चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम में फेरबदल की आखिरी तारीख 11 फरवरी है। बुमराह की फिटनेस को लेकर अगर कोई नेगेटिव खबर मिलती है तो उनकी जगह अनुभव के आधार पर मोहम्मद सिराज की टीम एंट्री तय मानी जा रही है। इंग्लैंड के खिलाफ चल रही सीरीज के वनडे मुकाबले के लिए भी मोहम्मद सिराज जैसे तेज गेंदबाज को अपनी कला दिखाने का मौका मिल सकता है।




