नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। टी20 विश्व कप में विश्वविजेता बनने का खुमार अभी उतरा भी नहीं था कि 28 मार्च से IPL 2026 की शुरुआत होने वाली है। सभी टीमों के खिलाड़ी अपने अपने स्क्वाड से जुड़कर नेट पर जमकर पसीन बहा रहे हैं। ऐसे में टीम के पूर्व दिग्गज एबी डिविलियर्स की एक भविष्यवाणी ने डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) पर नजरें गढ़ाने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने यह दावा किया है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु एक बार फिर खिताब जीतने की बड़ी दावेदार है। हालांकि ऐसा हो पाता है या नहीं यह तो भविष्य के गर्भ में है।
एबी डिविलियर्स ने RCB पर जताया IPL 2026 की जीत का भरोसा
एबी डिविलियर्स ने JioHotstar के शो में बात करते हुए बताया कि RCB शुरुआत से ही मजबूत टीम रही है। पिछला सीजन जीतने के बाद उनका आत्मविश्वास सातवें आसामान पर है। उन्होंने कहा कि ”अब आरसीबी जीत के लिए सिर्फ विराट कोहली पर निर्भर नहीं है बल्कि पूरी टीम में ही जीत की ललक है। प्रत्येक खिलाड़ी अपने बूते मैच जिताने का दम रखता है। कोहली भले ही लंबे ब्रेक के बाद खेलने वाले हैं लेकिन मैंने अपने जीवन में जितने मेहनत करने वाले लोग देखें हैं उसमें कोहली अभी तक के सबसे बेहतरीन हैं और मुझे ये उम्मीद है कि वह पूरी तैयारी के साथ मैदान पर उतरेंगे।”
फिर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खाते में आएगा IPL का खिताब?
एबी डिविलियर्स ने इस बात का खुलासा भी किया कि विराट कोहली ड्रेसिंग रूम में हमेशा कहते थे कि अगर हम एक बार ट्रॉफी जीतने में कामयाब रहे तो यह संभव है कि हम लगातार 2 या 3 बार ट्रॉफी अपने नाम कर लें। डिविलियर्स ने भी उनकी इस बात पर भरोसा जताया और कहा कि अब RCB ऐसी स्थिति में है कि वह लगातार 2-3 खिताब जीत सकती है।




