नई दिल्ली, रफ्तार। भारतीय महिला टीम ने बांग्लादेश को टी-20 मैच में सात विकेट से हराया है। पांच मैचों की सीरीज में भारतीय टीम 3-0 से अजेय है। गुरुवार को खेले गए मैच में शेफाली वर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेली। साथ ही गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। बता दें, इस साल महिला टी-20 वर्ल्ड कप खेला जाना है। यह टूर्नामेंट बांग्लादेश में ही होना है, इसलिए भारतीय टीम का प्रदर्शन काफी मायने रखता है।
हरमनप्रीत ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी
भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग चुनी। खिलाड़ियों ने अपने कप्तान के फैसले को सही साबित करके दिखाया। बांग्लादेश के लिए सलामी बल्लेबाज दिलारा अख्तर ने 25 गेंदों पर 39 रन और कप्तान निगार सुल्ताना ने 28 रनों की पारी खेली। हालांकि पूरी टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 117 रन पर सिमट गई।
राधा ने झटके दो विकेट
भारतीय टीम से राधा यादव ने 22 रन देकर दो विकेट चटकाए। रेणुका सिंह, पूजा वस्त्राकर और श्रेयांका पाटिल ने एक-एक विकेट गिराए। भारत ने 18.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 121 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम की ओर से शेफाली और स्मृति मंधाना ने शानदार शुरुआत की। इन दोनों बल्लेबाजों ने पावर प्ले में बिना विकेट गंवाए 59 रन जोड़े थे। शेफाली ने 38 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 51 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने 42 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का की मदद से 47 रन बनाए।
शेफाली ने चौके से खोला था खाता
शेफाली और मंधाना ने पहले विकेट के लिए 12.1 ओवर में 91 रनों की साझेदारी की। स्मृति ने मारुफ अख्तर और शेफाली ने फारिहा त्रिशाना पर चौके के साथ खाता खोला। शेफाली प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं। दोनों टीमों के बीच छह मई को सीरीज का चौथा टी-20 मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला सिलहट में होना है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




