नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत की महिला क्रिकेट टीम ने एक बार फिर इतिहास रच दिया। रविवार 5 अक्टूबर को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 88 रनों से हराकर लगातार 12वीं बार इस पड़ोसी टीम पर जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत अंकतालिका में टॉप पर पहुंच गया है। इससे पहले भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में श्रीलंका को डीएलएस नियम के तहत 59 रनों से हराया था।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत का ठोस प्रदर्शन
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया ने निर्धारित 50 ओवरों में 247 रन बनाए। हरलीन देओल (46 रन) और ऋचा घोष (नाबाद 35 रन) ने शानदार पारियां खेलीं। ऋचा घोष ने अंतिम ओवरों में तेज़ी से रन बनाकर स्कोर को 240 के पार पहुंचाया जो आखिर में भारत की जीत की बड़ी वजह बनी।
पाकिस्तान की पारी बिखरी, सिदरा अमीन की कोशिश नाकाम
248 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ 26 रनों पर तीन विकेट गंवा दिए। हालांकि, सिदरा अमीन ने 81 रनों की शानदार पारी खेलकर कुछ उम्मीदें जगाईं, लेकिन उन्हें किसी साथी का साथ नहीं मिला।
पूरी पाकिस्तानी टीम 43 ओवरों में 159 रन पर ढेर हो गई। भारत की ओर से तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। दीप्ति शर्मा ने भी 3 विकेट लिए, जबकि स्नेह राणा ने 2 विकेट झटके। गेंदबाजों ने मिलकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
कप्तान हरमनप्रीत कौर का बयान
मैच के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा,“यह मुकाबला हमारे लिए बहुत अहम था। क्रांति गौड़ ने बेहतरीन गेंदबाजी की और टीम ने शानदार तालमेल दिखाया। पिच बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं थी, लेकिन हमने धैर्य रखा। ऋचा घोष के आखिरी के 30 रन मैच का टर्निंग पॉइंट थे। हरमन ने यह भी कहा कि टीम का लक्ष्य सिर्फ मैच जीतना नहीं, बल्कि आत्मविश्वास बनाए रखना है। भारत की इस धमाकेदार जीत के बाद सोशल मीडिया पर जश्न का माहौल है। भारतीय फैन्स #WomenInBlue और #INDvPAK हैशटैग के साथ टीम की तारीफों के पुल बांध रहे हैं। वहीं, पाकिस्तान में फैंस अपनी टीम के कमजोर प्रदर्शन पर नाराज़गी जता रहे हैं। भारतीय टीम अब अपना अगला मैच 9 अक्टूबर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी। टीम का लक्ष्य अब वर्ल्ड कप में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की ओर कदम बढ़ाना होगा।





