नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाने वाला चौथा टी20 मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया। मैच की वजह बनी घनी धुंध और स्मॉग, जिससे मैदान की विजिबिलिटी पूरी तरह खत्म हो गई। लगातार निरीक्षण के बाद रात करीब 9:30 बजे अंपायरों ने मुकाबला रद्द करने का फैसला लिया। यह मैच बुधवार शाम 7 बजे शुरू होना था, लेकिन हालात लगातार बिगड़ते गए। BCCI ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि अत्यधिक कोहरे के कारण मैच संभव नहीं हो सका। हालांकि, स्टेडियम में मौजूद दर्शकों और स्टाफ का कहना था कि असली समस्या घना स्मॉग और प्रदूषण था, जो खिलाड़ियों और अंपायर्स की सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता था।
AQI ने बढ़ाई चिंता
मैच के दिन लखनऊ का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया था, जो ‘हैजर्डस’ श्रेणी में आता है। खिलाड़ियों की सेहत को लेकर भी चिंता साफ नजर आई। भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को वॉर्म-अप के दौरान सर्जिकल मास्क पहने देखा गया। करीब 7:30 बजे के बाद खिलाड़ियों ने अभ्यास बंद कर ड्रेसिंग रूम लौटना ही बेहतर समझा। ठंड और धुंध के बावजूद मैच देखने पहुंचे दर्शकों को भी निराशा हाथ लगी। रात होते-होते स्टेडियम से लोग धीरे-धीरे लौटने लगे। छह बार निरीक्षण के बाद भी हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।
BCCI की प्लानिंग पर सवाल
इस मैच के रद्द होने के बाद BCCI की शेड्यूलिंग पर सवाल उठने लगे हैं। पूरी सीरीज में उत्तर भारत के मैदानों पर मौसम और प्रदूषण बड़ी चुनौती बने रहे। धर्मशाला में खेले गए तीसरे टी20 में कड़ाके की ठंड थी, वहीं न्यू चंडीगढ़ में दूसरे टी20 के दौरान भी AQI बेहद खराब रहा। क्रिकेट एक्सपर्ट्स और फैंस का मानना है कि BCCI चाहती तो वेन्यू में बदलाव कर सकती थी। जनवरी में होने वाली न्यूजीलैंड सीरीज ज्यादातर पश्चिम और दक्षिण भारत में रखी गई है, जहां मौसम ज्यादा अनुकूल रहता है। इसके अलावा, दिन में मैच शुरू करने जैसे विकल्पों पर भी विचार किया जा सकता था।





