नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारतीय टीम 14 नवंबर से घर पर मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। सीरीज का पहला मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में होगा। ऐसे में सभी की नजरें भारतीय कप्तान शुभमन गिल के बल्ले से प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी।
गिल ने इसी साल इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया की टेस्ट कप्तानी संभाली थी और बल्लेबाजी में शानदार फॉर्म दिखाई थी। ऐसे में वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ बल्लेबाजी में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसके साथ ही, उन्हें बतौर कप्तान एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने का भी अवसर मिलेगा।
रिकी पोंटिंग ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान एक साल में सबसे ज्यादा शतकीय पारी का रिकॉर्ड वर्तमान में ऑस्ट्रेलियाई पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग के नाम है। साल 2006 में पोंटिंग ने ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी में 10 टेस्ट खेले और इसमें 7 शतकीय पारियां बनाने में सफल रहे थे।
रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ने का मौका
वहीं, शुभमन गिल ने साल 2025 में अब तक 7 टेस्ट मैचों की 13 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 5 शतक बनाए हैं। अगर वे साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली 2 टेस्ट में 4 पारियों में से तीन में शतक लगाने में सफल होते हैं, तो वह 19 साल पुराने रिकी पोंटिंग के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।
वहीं, यदि शुभमन गिल सिर्फ एक शतक बनाते हैं तो वह भारतीय टेस्ट कप्तान के तौर पर एक साल में सबसे ज्यादा शतकीय पारी बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। इससे वह विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ देंगे, जिन्होंने साल 2017 और 2018 में टेस्ट कप्तान के रूप में 5-5 शतकीय पारियां खेली थीं।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुभमन गिल का रिकॉर्ड
शुभमन गिल का साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट रिकॉर्ड अब तक खास प्रभावशाली नहीं रहा है। उन्होंने अफ्रीकी टीम के खिलाफ 2 टेस्ट खेले हैं और 18.50 के औसत से कुल 74 रन ही बनाए हैं।
शुभमन गिल ने ये दोनों टेस्ट मुकाबले साल 2023 के अंत में साउथ अफ्रीका के दौरे पर खेले थे। हालांकि, उसके बाद उनका बल्ला शानदार फॉर्म में रहा है। साल 2025 में गिल ने 78.83 के शानदार औसत से अब तक 946 रन बनाए हैं और उनका लक्ष्य इस साल की आखिरी टेस्ट सीरीज को बेहतरीन तरीके से समाप्त करना है।




