नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जा रहे एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट में इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन कर भारत को टेंशन में डाल दिया है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 2 विकेट पर 225 रन बना लिए हैं और वह अब सिर्फ 133 रन पीछे है।
भारत की पहली पारी 358 रनों पर सिमटी
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 358 रन बनाए। टीम इंडिया के लिए साई सुदर्शन (61), यशस्वी जायसवाल 58 और ऋषभ पंत 54 ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने भी 41 रन का योगदान दिया। ऋषभ पंत पहले दिन चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट हुए थे, लेकिन दर्द के बावजूद मैदान में वापस लौटे और बहादुरी से बल्लेबाजी करते हुए 54 रन बनाए। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने गजब की गेंदबाजी करते हुए 72 रन देकर 5 विकेट लिए। इसके अलावा जोफ्रा आर्चर को 3, और क्रिस वोक्स व लियाम डॉसन को 1-1 विकेट मिला।
इंग्लैंड की तेज शुरुआत, भारत की गेंदबाजी फीकी
इंग्लैंड की ओर से ओपनर जैक क्रॉले 84 रन, 113 गेंद और बेन डकेट 94 रन, 118 गेंद ने तूफानी बल्लेबाजी की और पहले विकेट के लिए 166 रन की साझेदारी कर दी। क्रॉले को रवींद्र जडेजा ने आउट किया, जबकि डकेट को अपना पहला टेस्ट खेल रहे अंशुल कंबोज ने पवेलियन भेजा। दिन का खेल खत्म होने तक ओली पोप 20 और जो रूट 11 रन बनाकर नाबाद हैं। इंग्लैंड की आक्रमक बल्लेबाजी ने भारत के सामने खतरे की घंटी बजा दी है। अब देखना ये होगा कि भारतीय गेंदबाज तीसरे दिन वापसी कर पाते हैं या नहीं। टेस्ट मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है।





