नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा मैच गाबा के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जा रहा है। हालांकि एक तथ्य यह है कि अभी तक तीन दिन के खेल में जितना मैच नहीं हुआ उससे ज्यादा बारिश हुई है। तीसरे दिन की शुरु आत हुई तो फैंस को उम्मीद थी कि आज का खेल समय से शुरु होगा और समय पर खत्म होगा, लेकिन बारिश ने मैच में खलल डालना जारी रखा। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 51 रन है। कप्तान रोहित शर्मा और केएल राहुल क्रीज पर मौजूद हैं।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी के सामने टीम इंडिया चारो खाने चित्त
रविवार को जब दूसरे दिन का खेल खत्म हुआ तो ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 405 रन था। सोमवार को जब खेल शुरु हुआ तो कंगारु टीम इसमें केवल 45 रन ही जोड़ सकी और 445 पर ऑल आउट हो गई। रनों से लिहाज से भारत मानसिक दवाब में दिखा और केवल 4 रन के स्कोर पर पहला झटका खा बैठा। इसके बाद केवल 2 रन के बाद ही 6 रन पर टीम इंडिया को दूसरा झटका लगा। विराट कोहली भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और टीम का स्कोर जब 22 रन था तो अपना विकेट गंवा बैठे। एक छोर से केएल राहुल पारी को संभालने की कोशिश कर रहे थे तभी 44 रन पर भारत को चौथा झटका लगा।
ऑस्टेलिया के हाथ से जीत छीन सकती है बारिश?
गाबा टेस्ट की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने भारी भरकम स्कोर खड़ा कर दिया। 445 रनों का स्कोर बनाने के बाद ऑस्ट्रेलिया का आत्मविश्वास आसमान पर होगा। बार बार विलेन बनकर आ रही बारिश ऑस्ट्रेलियाई टीम की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि मैच के तीन दिन बीत चुके हैं और पहली पारी में ही टीम इंडिया चित्त नजर आ रही है। इस स्कोर से ऑस्ट्रेलिया को जीत करीब लग रही लेकिन बारिश के चलते अगर मैच ड्रॉ होता है तो यह निश्चित रूप से कंगारुओं के लिए झटका होगा।




