नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बांग्लादेश में तख्तापलट हो गया है। प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद शेख हसीना ने देश छोड़ दिया है। फिलहाल वह भारत में हैं। वहां सेना की सरकार आ चुकी है। ऐसे में वहां होने वाले ICC Women’s T20 World Cup पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। टूर्नामेंट की सुरक्षा के ध्यान में रखते हुए ICC दूसरे वेन्यू पर भी विचार कर रहा है।
रिपोर्ट्स की मानें तो भारत में इस टूर्नामेंट को कराने को लेकर विचार किया जा सकता है। भारत के अलावा UAE और श्रीलंका पर भी विचार किया जा रहा है।
ICC ने क्या कहा?
ICC के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘हम बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB), बांग्लादेश की सुरक्षा एजेंसियों और अपने सुरक्षा कंसल्टेंट्स की मदद से वहां के हालात पर नज़र बनाए हुए हैं। हमारी प्राथमिकता सभी प्रतिभागियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने की है।’
वहीं, ICC के एक सदस्य ने कहा, ‘अगर हमें लगता है कि बांग्लादेश में खेलना संभव नहीं है तो हम ऐसी सभी जगहों पर विचार करेंगे जहां मौसम अनुकूल हो। लेकिन ये बाद की बात है।’
ये है ICC Women’s T20 World Cup का शिड्यूल
ICC Women’s T20 World Cup 3 अक्टूबर से 20 अक्टूबर के बीच ढाका और सिलहेत के क्रिकेट स्टेडियम्स में खेला जाना है। कुल 23 मैच होने हैं। ICC फिलहाल बांग्लादेश के घटनाक्रम पर नज़र बनाए हुए है और टूर्नामेंट की संभावना को लेकर ICC जल्द ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से बात कर सकता है।
बांग्लादेश में क्या हो रहा है?
बांग्लादेश में एक महीने पहले छात्रों का प्रदर्शन शुरू हुआ। 1971 के स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों को मिलने वाले आरक्षण के खिलाफ। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि इस आरक्षण का गलत इस्तेमाल हो रहा है और शेख हसीना की पार्टी के नेता इस कोटे से अपने लोगों को सीटें दिलवा रहे हैं। धीरे-धीरे प्रदर्शन हिंसक हो गया। 4 अगस्त को हुए हिंसक प्रदर्शन में करीब 100 लोगों की मौत हो गई, 5 अगस्त को प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री आवास की तरफ कूच कर दिया। शेख हसीना को इस्तीफा देकर देश छोड़ना पड़ा। सेना वहां पर अंतरिम सरकार बनाने जा रही है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://raftaar.in/




