नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारत में आईपीएल का बड़ा क्रेज है। जब भी आईपीएल का सीजन शुरू होता है, क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर होता है। साल 2025 में इंडियन प्रीमियर लीग ने सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लगभग 1 अरब दर्शकों को आकर्षित किया, जो कि अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
आईपीएल अब सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं रह गया है, बल्कि यह खेल, व्यवसाय और मनोरंजन का एक बड़ा और महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। इसे मैनेज करने के लिए एक विशाल टीम काम करती है, जिसमें मैनेजमेंट, मीडिया, मार्केटिंग और ऑपरेशंस जैसे कई विभाग शामिल हैं। यही कारण है कि कई युवा यह जानने के इच्छुक होते हैं कि आईपीएल में नौकरी कैसे मिलती है और इस बारे में जानकारी उन्हें कहां से हासिल हो सकती है।
कैसे खोजें मौके और क्या है जरूरी योग्यता
आईपीएल और क्रिकेट से जुड़ी आधिकारिक नौकरियों की जानकारी पाने के लिए BCCI की साइट bcci.tv/jobs पर जाना होगा। यहां समय-समय पर उपलब्ध पदों की पूरी जानकारी साझा की जाती है। इसके अलावा, LinkedIn, Indeed और Naukri जैसे जॉब पोर्टल पर भी आईपीएल से संबंधित अवसर खोजे जा सकते हैं। यहां “IPL Jobs”, “Cricket Operations” या “Sports Management” जैसे कीवर्ड सर्च करने पर विभिन्न प्रकार के रोजगार के विकल्प दिखाई देते हैं।
आईपीएल में नौकरी पाने के लिए जरूरी है कि आपको इस संबंधित क्षेत्र की शैक्षिक योग्यताएं और अनुभव हो। अधिकांश पदों के लिए ग्रेजुएशन जरूरी है। यदि आपके पास स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, MBA, मास कम्युनिकेशन, IT या इंजीनियरिंग जैसी डिग्री है, तो नौकरी मिलने की संभावना ज्यादा है।
IPL में करियर बनाने के ये हैं रास्ते
आईपीएल में काम करने के अवसर जानने के लिए सिर्फ वेबसाइट ही नहीं, बल्कि टीमों के सोशल मीडिया अकाउंट्स भी बेहद मददगार होते हैं। जैसे मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और आरसीबी जैसी फ्रेंचाइजी अक्सर अपनी नौकरी की रिक्तियों की जानकारी LinkedIn पर सीधे साझा करती हैं, जिससे इच्छुक उम्मीदवार आसानी से आवेदन कर सकते हैं। क्रिकेट के नियमों और आईपीएल के फॉर्मेट की अच्छी समझ होना आपके लिए अतिरिक्त लाभ साबित हो सकता है। इससे न केवल कार्य को तेजी से समझने में मदद मिलती है, बल्कि चयन के मौके भी बढ़ जाते हैं।
आईपीएल में शामिल होने के लिए खिलाड़ी होना आवश्यक नहीं है। सही शैक्षिक योग्यता, पेशेवर कौशल और अनुभव रखने वाले भी इस क्षेत्र में करियर बना सकते हैं। इसके लिए सबसे महत्वपूर्ण है सही समय पर आवेदन करना और उन प्लेटफॉर्म्स पर नजर बनाए रखना जहां फ्रेंचाइजी नौकरियों की घोषणाएं करती हैं।





