नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र के पुणे में भारतीय क्रिकेटर Hardik Pandya के खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के कथित अपमान को लेकर शिकायत दर्ज की गई है। यह शिकायत पुणे के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में एक स्थानीय वकील ने दी है। पुलिस ने शिकायत स्वीकार कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। दरअसल, यह मामला ICC T20 World Cup के फाइनल के बाद हुए जश्न से जुड़ा बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में हार्दिक पांड्या को अपनी गर्लफ्रेंड के साथ जश्न मनाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में उनकी पीठ पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा बंधा हुआ दिखाई दे रहा है और वह सेलिब्रेशन बॉक्स पर लेटे हुए नजर आ रहे हैं।
शिकायतकर्ता ने क्या कहा
शिकायत दर्ज कराने वाले वकील वाजिद खान का कहना है कि वर्ल्ड कप जीत के जश्न के दौरान हार्दिक पांड्या ने राष्ट्रीय ध्वज को अपनी पीठ पर बांधकर डांस किया और बाद में अपनी साथी के साथ मंच पर लेट गए। उनका कहना है कि यह राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ा मामला है। उन्होंने दावा किया कि 1971 के राष्ट्रीय ध्वज कानून के अनुसार तिरंगे का सम्मान करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और इस तरह से झंडे का इस्तेमाल करना अपमान माना जा सकता है।
पुलिस ने क्या कहा
शिकायतकर्ता के मुताबिक जब वह शिकायत दर्ज कराने शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन पहुंचे तो शुरू में पुलिस ने कहा कि यह घटना पुणे में नहीं हुई है। हालांकि शिकायतकर्ता का कहना था कि राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश का प्रतीक है, इसलिए कहीं से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके बाद पुलिस ने शिकायत स्वीकार कर ली और उन्हें उसकी कॉपी भी दी। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की है, लेकिन शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू करने की बात कही है।
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि यह घटना वर्ल्ड कप फाइनल के बाद की है, जब पुरस्कार वितरण समारोह खत्म हो चुका था और खिलाड़ी अपने परिवार के साथ मैदान पर जीत का जश्न मना रहे थे। इस दौरान हार्दिक पांड्या अपनी साथी माहिका शर्मा के साथ ट्रॉफी वाले पोडियम पर बैठे दिखाई दिए। उस समय उन्होंने अपने शरीर पर तिरंगा लपेटा हुआ था। कुछ सेकंड के लिए दोनों पोडियम पर लेटे भी नजर आए। इसी वीडियो के वायरल होने के बाद इस मामले को लेकर विवाद खड़ा हो गया और अब पुणे में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।





