नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । गौतम गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम एक और टेस्ट सीरीज गंवा बैठी। दक्षिण अफ्रीका ने भारत में खेली गई दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। इस हार के बाद गंभीर की कोचिंग रणनीतियों पर सवाल खड़े होने लगे हैं। एक टेस्ट में गंभीर ने वाशिंगटन सुंदर को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा, जबकि अगले मैच में उन्होंने उन्हें नीचे उतारा और साई सुदर्शन को इस महत्वपूर्ण पोजिशन पर मौका दिया। विकेटकीपिंग विभाग में भी उनकी रणनीति विफल रही, क्योंकि ध्रुव जुरेल और ऋषभ पंत दोनों को एक साथ प्लेइंग 11 में खिलाना टीम पर उल्टा बोझ साबित हुआ।
इसके अलावा, टेस्ट स्पेशलिस्ट खिलाड़ियों को नजरअंदाज करके ऑलराउंडर्स को प्राथमिकता दी गई, लेकिन उनका सही उपयोग भी नहीं हुआ। जैसे नितीश कुमार रेड्डी को दूसरे टेस्ट में खिलाया गया, लेकिन दोनों पारियों में उन्होंने कुल मिलाकर सिर्फ 10 ओवर फेंके। यहां हम गौतम गंभीर का पूरा टेस्ट रिपोर्ट कार्ड लेकर आए हैं, उनकी कोचिंग में भारत ने कितने टेस्ट खेले, कितने जीते और कितने हारे, साथ ही उनकी टेस्ट सीरीज का विस्तृत रिकॉर्ड।
गौतम गंभीर के टेस्ट कोचिंग आंकड़े
टेस्ट क्रिकेट में गौतम गंभीर का बतौर कोच रिकॉर्ड अब सवालों के घेरे में है। उनकी कोचिंग में भारतीय टीम ने अब तक कुल 19 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से केवल 7 में टीम को जीत मिली है। गुवाहाटी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली ताजा हार गंभीर के कार्यकाल की 10वीं टेस्ट हार बन गई है।
रिकॉर्ड कुछ इस प्रकार है:
कुल टेस्ट मैच: 19
जीत: 7
हार: 10
ड्रॉ: 2
जीत प्रतिशत: 36.84%
गंभीर की कोचिंग पर उठे सवाल, 3 टेस्ट सीरीज गंवाई
गौतम गंभीर के कोचिंग कार्यकाल में टीम इंडिया का टेस्ट प्रदर्शन लगातार चर्चा में है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालिया शर्मनाक हार के साथ ही भारत गंभीर की कोचिंग में तीसरी टेस्ट सीरीज गंवा चुका है। यह गंभीर के लिए छठी टेस्ट सीरीज थी।
न्यूजीलैंड ने 2024 में भारत में 0-3 से क्लीन स्वीप किया था, और अब दक्षिण अफ्रीका ने भी भारतीय सरज़मीं पर टीम इंडिया को बुरी तरह मात दे दी। हालांकि शुभमन गिल की कप्तानी में इंग्लैंड दौरे पर भारत ने 5 टेस्ट की सीरीज 2-2 से बराबर की और वेस्टइंडीज को घर पर 2-0 से हराया, लेकिन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन दक्षिण अफ्रीका के सामने भारत पूरी तरह बिखर गया।
सीरीज का रिकॉर्ड
कुल टेस्ट सीरीज : 6
जीती: 2
हारी: 3
ड्रा: 1
गंभीर की कोचिंग में यह दूसरी बार है जब टीम इंडिया को घरेलू टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा है, पहले न्यूजीलैंड और अब दक्षिण अफ्रीका ने भारत को अपने घर में ही मात दी है।




