नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 के दौरान क्रिकेट के मैदान पर भारी हंगामा हुआ, जहां पाकिस्तानी खिलाड़ियों और उनके क्रिकेट बोर्ड ने जोरदार ड्रामा किया। लेकिन एशिया कप के बाद भी पाकिस्तान टीम के खिलाड़ियों की नाराजगी कम होने का नाम नहीं ले रही है। ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के दौरान पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच मैच के दौरान कॉमेंट्री में पूर्व पाकिस्तानी महिला क्रिकेट कप्तान सना मीर ने कश्मीर पर एक विवादास्पद टिप्पणी की, जिसके बाद अब ICC से उन पर कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
सना मीर ने ‘आजाद कश्मीर’ बयान से मचाया बवाल
आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के तीसरे मुकाबले में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में कड़ा मुकाबला हुआ। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी की और इस दौरान कॉमेंट्री कर रहीं पूर्व कप्तान सना मीर ने नतालिया परवेज का जिक्र करते हुए विवादित टिप्पणी की। नतालिया परवेज बैटिंग करने उतरी थी। सना मीर ने कहा कि “नतालिया आजाद कश्मीर से आती हैं और उन्हें क्रिकेट खेलने के लिए लाहौर आना पड़ता है।” उनका यह बयान तुरंत ही बवाल का कारण बन गया। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर सना मीर की क्लिप वायरल हो गई और ICC से इस पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। अब ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि ICC उन पर कार्रवाई कर सकती है।
सना मीर ने किया ICC के नियमों का उल्लंघन
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को ‘आजाद कश्मीर’ बताकर सना मीर ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। उनके इस बयान के बाद अब ICC के नियमानुसार उन पर कार्रवाई की संभावना बढ़ गई है, क्योंकि आईसीसी का स्पष्ट नियम है कि कोई भी खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ सदस्य या किसी भी मैच अधिकारी को राजनीतिक बयानबाजी की अनुमति नहीं है। सना मीर के बयान के बाद इस पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। वहीं, अगर इस मैच की बात करें, तो पाकिस्तानी महिला टीम को बांग्लादेश के खिलाफ एकतरफा 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।




