नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। क्रिकेट जगत ने विश्व को एक से एक शानदार स्पिन गेंदबाज दिए हैं। चाहे वह शेन वॉर्न हों, मुरलीधरन हों या अनिल कुंबले हों, सभी ने कभी न कभी अपनी गेंदबाजी के बूते अपनी टीम को मैच जिताया है। लेकिन वीरेंद्र सहवाग का मानना थोड़ा अलग है। सहवाग ने कहा कि इस समय भारत के पास एक भी विश्व स्तरीय स्पिन गेंदबाज नहीं है। जबकि भारत को स्पिनरों की धरती कहा जाता है।
सहवाग ने भारतीय स्पिनरों पर खड़े किए सवाल
सहवाग ने अपने बयान में कहा कि भारतीय टीम के पास अच्छे स्पिनर्स की कमी है। उन्होंने कहा कि- “भारतीय खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट भी कम खेलते हैं। घरेलू क्रिकेट में आपको इंटरनेशनल क्रिकेट से ज्यादा स्पिन खेलने को मिलती है। ये भी एक कारण हो सकता है। मुझे लगता है कि भारत में इस समय अच्छे स्पिनर नहीं हैं जो इस समय गेंद को फ्लाइट दे सकें और विकेट निकाल सकें।”
हालांकि भारत के पास इस समय कुलदीप यादव और रविचंद्रन अश्विन जैसे बड़े गेंदबाज हैं लेकिन सहवाग के इस बयान से लगता है कि उन्होंने दोनों को खारिज किया है।
घरेलू क्रिकेट से बचते हैं इंटरनेशनल खिलाड़ी
सहवाग ने आगे कहा कि – हमारे समय में आउट ऑफ फॉर्म होने पर खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट का रुख करते थे जबकि अभी के खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट खेलने से बचते हैं। हमारे दौर में सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली जैसे बड़े खिलाड़ी भी घरेलू क्रिकेट का रुख करते थे। घरेलू क्रिकेट में स्पिन का अच्छा खासा रोल होता है। सिर्फ घरेलू क्रिकेट ही है जिसके जरिए स्पिन गेंदबाज अपनी गेंदबाजी की धार बरकरार रख सकते हैं।
गौरतलब है कि वीरेंद्र सहवाग का ये बयान भारत और बांग्लादेश के बीच इसी महीने से शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले आया है। बांग्लादेश का इसी महीने भारत दौरा है। सहवाग ने ये भी कहा कि हाल ही में भारतीय बल्लेबाज स्पिनरों के सामने असहज दिखे हैं।





