नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 का फाइनल ऑस्ट्रेलिया हार गया है। डिफेंडिंग चैंपियंस ऑस्ट्रेलिया को साउथ अफ्रीका ने फाइनल में पांच विकेट से हराया। तो वही, साउथ अफ्रीका ने करीब 27 साल बाद अपना दूसरा आईसीसी टाइटल जीता। इस खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज जोश हेजलवुड अपने ही देश के दिग्गज खिलाड़ी के निशाने पर आ गए है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर मिचेल जॉनसन ने जोश हेजलवुड पर आईपीएल में आरसीबी टीम के लिए प्लेऑफ मैच खेलने को लेकर निशाना साधा है।
मिचेल जॉनसन ने यह बयान अपनी टीम ऑस्ट्रेलिया के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल हारने के बाद आया है। जॉनसन का कहना है कि हेजलवुड ने अपनी नेशनल टीम से पहले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की फ्रेंचाइजी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को प्राथमिकता दी।
आईपीएल 2025 में RCB ने प्लेऑफ के क्वालीफ़ायर-1 में पंजाब किंग्स को हराकर फाइनल में जगह पक्की की थी। और फिर फाइनल में इसी टीम को हराकर अपना पहलाआईपीएल खिताब जीता। जोश हेजलवुड टीम के लिए स्टार गेंदबाज साबित हुए, जो प्लेऑफ के लिए ख़ास ऑस्ट्रेलिया से वापस भारत लौटे थे।
भारत-पाक तनाव के चलते कुछ दिनों तक स्थगित रही लीग
भारत-पाक तनाव के बीच आईपीएल 2025 बीच में कुछ दिनों के लिए पोस्टपोन कर दिया था। जिसके बाद 17 मई इसको दोबारा शुरु किया गया। उस दौरान साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाडि़यो के लिए लौटना मुश्किल था क्योंकि उन्हें इंग्लैंड में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल खेलना था। हेजलवुड समेत पैट कमिंस WTC फाइनल टीम का हिस्सा थे लेकिन उन्होंने IPL के बचे हुए मैचों के लिए भारत लौटने का फैसला किया। जबकि, साउथ अफ्रीका के प्लेयर्स लौटे जरूर लेकिन प्लेऑफ से पहले वापस अपनी नेशनल टीम में लौट गए।
मिचेल जॉनसन ने उठाए सवाल
इसी को लेकर पूर्व क्रिकेटर जॉनसन ने कहा, “जोश हेजलवुड बीते कुछ समय से फिटनेस की समस्याओं का सामना कर रह थे, लेकिन नेशनल टीम की जगह उन्होंने IPL में वापस लौटने का फैसला किया। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की तैयारियों पर ये बड़ा सवाल उठता है।”
जॉनसन ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई नेशनल टीम की तैयारियों के बजाय हेजलवुड ने इंडियन प्रीमियर लीग में वापसी को प्राथमिकता देने के उनके फैसले ने लोगों को चौंका दिया है। बता दें, हेजलवुड ही कंगारु की स्क्वॉड के साथ सबसे आखिरी में जुड़े थे, उनके अलावा, बाकी सभी खिलाड़ी पहले ही इंग्लैंड आ गए थे।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ जोश हेजलवुड का प्रदर्शन
जोश हेजलवुड ने पहली पारी में 15 ओवर गेंदबाजी की, और उन्हें सिर्फ 1 विकेट मिला। इस पारी में कमिंस ने 6 विकेट लिए थे। साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी में भी उन्हें 1 ही विकेट मिला, वो भी तब आया जब अफ्रीका जीत की दहलीज पर खड़ी थी और उन्हें सिर्फ 6 रन चाहिए थे। इस पारी में हेजलवुड ने 19 ओवरों में 58 रन दिए।




