नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक फैन पर नाराजगी जाहिर करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में रोहित उंगली दिखाकर फैन को सख्त लहजे में समझाते दिखाई देते हैं। बताया जा रहा है कि इस प्रतिक्रिया की वजह फैन की बदतमीजी थी, जिसे देखकर कई लोग यह भी कह रहे हैं कि ऐसी स्थिति में कोई भी इसी तरह प्रतिक्रिया देता।
दरअसल, रोहित शर्मा हाल ही में जामनगर में अपनी बेटी सैमी का जन्मदिन मनाने के बाद परिवार के साथ मुंबई लौटे थे। मुंबई के कलीना एयरपोर्ट पर उतरते ही बड़ी संख्या में फैंस उन्हें देखने और सेल्फी लेने के लिए उमड़ पड़े। इसी दौरान एक फैन की हरकत से रोहित असहज हो गए और उन्होंने नाराजगी जताई। वायरल वीडियो उसी वक्त का बताया जा रहा है।
एयरपोर्ट पर क्यों नाराज हुए रोहित शर्मा?
एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद रोहित शर्मा अपनी पत्नी और बेटी के साथ कार में बैठे थे। जैसे ही गाड़ी आगे बढ़ी, उन्होंने बाहर मौजूद फैंस को देखकर कार का शीशा नीचे किया और हाथ हिलाकर अभिवादन करने लगे। इसी दौरान दो बच्चे उनके पास पहुंचे और उनके साथ फोटो लेने की कोशिश करने लगे। शुरुआत में सब सामान्य था, लेकिन अचानक दोनों बच्चों ने रोहित का हाथ पकड़ लिया और खींचने लगे। इस हरकत से असहज होकर रोहित ने तुरंत अपना हाथ पीछे खींच लिया और कार का शीशा चढ़ाने लगे। इसी समय रोहित शर्मा उंगली दिखाकर उन्हें कुछ कहते नजर आए, जिसे लेकर यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज 11 जनवरी से
भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। इस सीरीज में विराट कोहली और रोहित शर्मा मैदान पर नजर आएंगे, जो अब टीम इंडिया के लिए केवल वनडे फॉर्मेट में ही खेलते हैं। दोनों दिग्गजों की लोकप्रियता का काफी क्रेज है। जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वडोदरा में खेले जाने वाले पहले वनडे मैच की टिकटें ऑनलाइन बिक्री शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में पूरी तरह बिक गईं।





