नई दिल्ली, रफ्तार। इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच में ऐतिहासिक कारनामा किया है। टीम ने पहली पारी में 416 रन और दूसरी पारी में 425 रन बनाए। इंग्लिश टीम ने अपने टेस्ट क्रिकेट के 147 साल के इतिहास में पहली बार दोनों पारियों में 400 से अधिक रन बनाए हैं। यह टीम 1877 से टेस्ट क्रिकेट खेल रही है। उन्होंने पहला मैच 1877 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इंग्लैंड ने 1073 टेस्ट मैच खेले हैं, लेकिन कभी भी दोनों पारियों में 400 का आंकड़ा पार नहीं किया था। यह 12वां मौका है, जब टेस्ट मैच खेलने वाली कोई टीम अपनी दोनों पारियों में 400 से अधिक रन ठोके हैं।
पहली पारी में पोप, दूसरी में रूट और ब्रूक ने खेली बेहतरीन पारी
इंग्लैंड की पहली पारी में सबसे अधिक ओली पोप ने 121 रन बनाए। वहीं, बेन डकेट ने 71 रन और बेन स्टोक्स ने 69 रनों की पारी खेली। फिर दूसरी पारी में जो रूट और हैरी ब्रूक ने शतक जड़े। रूट ने 122 रन और ब्रूक ने 109 रन ठोके। ओली पोप ने 51 रन, बेन डकेट ने 76 रन जोड़े। इन खिलाड़ियों की पारी की वजह से इंग्लैंड टीम दूसरी पारी में 425 रनों तक पहुंची।
वेस्टइंडीज को मिला है 385 रनों का लक्ष्य
दरअसल, वेस्टइंडीज के साथ इंग्लैंड दूसरा टेस्ट मैच खेल रहा है। मैच में वेस्टइंडीज के कप्तान क्रेग ब्रेथवेट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। वेस्टइंडीज को जीतने के लिए 385 रनों का लक्ष्य मिला है।
जो रूट ने चंद्रपॉल को छोड़ा पीछे
इंग्लैंड टीम से जो रूट ने टेस्ट कॅरियर का 32वां शतक लगाया है। वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में शिवनारायण चंद्रपॉल को पीछे छोड़ दिए। अब रूट के टेस्ट क्रिकेट में 11940 रन हो गए। चंद्रपॉल ने 11867 रन बना रखे हैं। रूट टेस्ट क्रिकेट में 8वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर बन चुके हैं।
अन्य ख़बरों के लिए क्लिक करें –www.raftaar.in




