नई दिल्ली, रफ्तार। आईपीएल 2024 समाप्त होने और टी-20 वर्ल्ड कप 2024 की शुरुआत के साथ टीम इंडिया के बेहतरीन विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने अपने जन्मदिन पर इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया। क्रिकेटर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। कार्तिक ने इमोशनल पोस्ट लिखा, जिसमें कहा कि नई चुनौतियों के लिए तैयार हैं। बता दें, इस खिलाड़ी ने 2004 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। कार्तिक अब तक भारतीय टीम से 180 मैच खेलकर 3463 रन बनाए हैं। इस दौरान एक शतक और 17 अर्धशतक भी जड़े हैं। उन्होंने विकेटकीपर के तौर पर 172 खिलाड़ियों को आउट किया। वह भारतीय टीम से आखिरी बार 2022 में टी-20 वर्ल्ड कप में खेले थे।
IPL में RCB के एलिमिनेटर से बाहर होने के बाद कर लिया था तय
कार्तिक ने हाल में आखिरी मैच आईपीएल 2024 में खेला था। वो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) टीम के खिलाड़ी थे। अपनी टीम के एलिमिनेटर से बाहर होने के बाद ही कार्तिक ने संन्यास लेना तय किया था। मगर, उन्होंने इसकी घोषणा अपने बर्थडे पर करके सभी को हैरत में डाल दिया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा-काफी सोच-विचार के बाद मैंने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से संन्यास लेने का निर्णय लिया है। मैं आधिकारिक तौर पर अपने संन्यास की घोषणा करता हूं। आगे आने वाली नई चुनौतियों को तैयार हूं।
सभी कोच, कप्तानों, चयनकर्ताओं और सहयोगी स्टाफ को धन्यवाद : कार्तिक
कार्तिक ने लिखा- मैं अपने सभी कोच, कप्तानों, चयनकर्ताओं और सहयोगी स्टाफ को धन्यवाद करना चाहूंगा। उन्होंने मेरी लंबी यात्रा को बेहद खुशगवार और आनंददायक बनाया। आगे लिखा-मेरे माता-पिता मेरी स्ट्रेंथ और सपोर्ट के स्तंभ रहे हैं। उनके आशीर्वाद के बिना मैं वह नहीं होता, जो इस समय हूं। मैं पत्नी दीपिका का भी बहुत आभारी हूं, जो खुद पेशेवर खिलाड़ी हैं। उन्होंने मेरे साथ मेरे सफर में चलने के लिए अपना करियर रोका। बता दें कि कार्तिक ने आईपीएल के 257 मैचों में 4842 रन ठोके हैं। 22 अर्धशतक भी लगाए हैं। यह खिलाड़ी आरसीबी के अलावा मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा रहा था।
बतौर विकेटकीपर 172 बल्लेबाजों को किया है आउट
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कहा, 180 अंतर्राष्ट्रीय मैच। 3463 रन और 172 शिकार। टी-20 वर्ल्ड कप विजेता और अनगिनत यादें। एक अविश्वसनीय करियर के लिए बधाई। वहीं, खिलाड़ी के पोस्ट पर फैंस जमकर रिएक्शन आ रहे हैं। उन्हें नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं। एक यूजर ने लिखा-दिनेश कार्तिक, सभी यादों के लिए धन्यवाद। आपको जिंदगी के अगले चरण के लिए शुभकामनाएं। एक ने कमेंट किया- सभी शानदार फिनिश के लिए थैंक्स। आपको हम मिस करेंगे। कहना तो नहीं चाहता, लेकिन हैप्पी रिटायरमेंट।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




