नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत का झंडा बुलंद करने वाले नीरज चोपड़ा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने लुसाने डायमंड लीग में खराब प्रदर्शन से वापसी करते हुए दूसरे स्थान पर कब्जा जमा लिया। शुरुआती चार थ्रो में नीरज का प्रदर्शन औसत रहा, लेकिन पांचवी थ्रो ने उनको बढ़त दिला दी। आखिरी प्रयास में उन्होंने 89.49 मीटर का थ्रो फेंककर सीजन का बेस्ट थ्रो अपने नाम कर लिया। इसी शानदार प्रदर्शन की बदौलत नीरज अगले महीने होने वाले डायमंड लीग के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
शुरुआती प्रदर्शन निराशाजनक रहा
नीरज की शुरुआती थ्रो 82.10 मीटर की रही और वह चौथे स्थान पर रहे। दूसरी कोशिश में भी वह कुछ खास कमाल नही कर पाए, उन्होंने 83.21 मीटर का थ्रो किया और तीसरे स्थान पर आ गए। इस दौरान पीटर्स लगातार बढ़त बनाए हुए थे। उनकी यह बढ़त तीसरे प्रयास में भी बरकरार रही, उन्होंने 87.40 मीटर का थ्रो किया जबकि नीरज केवल 83.13 मीटर ही थ्रो कर पाए। चौथे प्रयास की बात करें तो नीरज ने 82.34 मीटर का थ्रो किया, हालांकि पांचवे प्रयास में तस्वीर पलट गई और नीरज ने शानदार वापसी करते हुए 85.58 मीटर का थ्रो किया। छठा प्रयास इससे भी बेहतर साबित हुआ, छठे प्रयास में उन्होंने 89.49 मीटर भाला फेंक कर पेरिस ओलंपिक का अपना ही रिकार्ड तोड़ दिया। इस वापसी के साथ नीरज ने दूसरे स्थान पर खेल समाप्त किया।
खेल के दौरान दर्द में दिखे थे नीरज
नीरज हर्निया की बीमारी से जूझ रहे हैं जिसकी झलक मुकाबले के दौरान भी देखने को मिली। इसी कारण नीरज 90 मीटर भाला फेंकने में असमर्थ रहे, इसकी परेशानी उनके चेहरे पर साफ देखी जा सकती थी। हालांकि खबर यह भी है कि नीरज सर्जरी के लिए कुछ समय के लिए खेल से दूर रह सकते हैं।




