नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के तेज गेंदबाज यश दयाल के खिलाफ एक और युवती ने रेप का मामला दर्ज कराया है। गाजियाबाद के बाद अब जयपुर में भी उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। युवती का आरोप है कि यश दयाल ने उसे क्रिकेट में करियर बनाने का झांसा देकर दो साल तक उसका यौन शोषण किया।
शिकायत मिलने के बाद जयपुर पुलिस ने यश दयाल के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़िता का कहना है कि यश ने भावनात्मक दबाव डालते हुए और करियर का लालच देकर दो साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। यश दयाल के खिलाफ यह शिकायत जयपुर के सांगानेर सदर थाने में दर्ज की गई है। थाने के एसएचओ अनिल जैमन के मुताबिक, पीड़िता की यश से मुलाकात क्रिकेट खेलते समय हुई थी।
युवती का आरोप
युवती का आरोप है कि वह दो साल पहले जब नाबालिग थी, तभी उसकी यश से मुलाकात हुई थी। उस समय यश दयाल जयपुर में आईपीएल खेलने आए थे। शिकायत में कहा गया है कि यश ने उसे करियर गाइडेंस देने के बहाने होटल बुलाया और वहीं उसके साथ रेप किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि पिछले दो वर्षों से यश दयाल ने करियर बनाने के नाम पर लगातार उसका यौन शोषण किया और उसे इमोशनली ब्लैकमेल करता रहा। आखिरकार, परेशान होकर युवती ने सांगानेर सदर थाने में मामला दर्ज करवाया।
पॉक्सो एक्ट में एफआईआर दर्ज
एसएचओ अनिल जैमन ने बताया कि शिकायत के अनुसार, युवती जब 17 साल की नाबालिग थी, उस वक्त उसके साथ पहली बार रेप हुआ। इसलिए पुलिस ने यश दयाल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत भी FIR दर्ज की है। बता दें कि इससे पहले भी यश दयाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दरअसल, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की एक लड़की ने भी यश पर शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया था। हालांकि उस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से यश को राहत दी थी। वहीं, अब यह नया मामला सामने आया है। जिसके बाद जयपुर पुलिस ने केस दर्ज कर यश दयाल के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।




