नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 टेस्ट मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा जिसके बाद खिलाड़ी से लेकर कोच तक सभी आलोचकों के निशाने पर आ गए हैं। 24 सालों में यह पहला मौका था जब भारत अपने घर में कोई टेस्ट सीरीज हारा है। इस हार के बाद टीम के कोच गौतम गंभीर को सवालों के घेरे में खड़ा किया जा रहा है। खबर आ रही है कि इस शर्मनाक हार के बाद गौतम गंभीर से सवाल किए जाएंगे।
गंभीर के फैसले पर उठ रहे हैं सवाल
गौतम गंभीर ने जब से टीम इंडिया के कोच का पद संभाला है तब से चीजें उनके पक्ष में नही रही हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ शर्मनाक हार के बाद अब BCCI गंभीर से गंभीर सवाल पूछने जा रही है। पहला सवाल यह उठता है कि मुंबई की टर्निंग पिच पर खेलने की क्या जरुरत थी। सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि बीते कुछ सालों में स्पिन गेंदबाजी के सामने टीम इंडिया का टॉप आर्डर पूरी तरह फेल रहा है। इसके अलावा मोहम्मद सिराज को नाइट वॉचमैन के तौर पर उतारने को लेकर भी आलोचना का शिकार होना पड़ रहा है। न सिर्फ इतना बल्कि पहली पारी में सरफराज खान को भी नंबर 8 पर उतार गया था जो फैसला फैंस और विशेषज्ञों के समझ में नहीं आया।
गौतम गंभीर के लिए ताक पर रखा गया ये नियम
टीम इंडिया की परफॉर्मेंस बरकरार रखने के लिए BCCI ने गौतम गंभीर के लिए नियम को ताक पर रखकर उन्हे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बार्डर गावस्कर सीरीज के लिए चुने जाने वाली बैठक में आमंत्रित किया। गौतम गंभीर की सिफारिश पर ही नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम में शामिल किया गया है। हालांकि यह फैसला कितना प्रभावी हो सकता है यह देखना काफी दिलचस्प होगा।




