नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) बीसीसीआई ने टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर को हटाने की खबरों को पूरी तरह बेबुनियाद करार दिया है। मीडिया में हाल ही में ऐसी रिपोर्ट्स आई थीं कि टेस्ट टीम के खराब प्रदर्शन के बाद बोर्ड गंभीर की जगह नए कोच की तलाश में है और इस पद के लिए वीवीएस लक्ष्मण का नाम सामने आया था। लेकिन BCCI के शीर्ष अधिकारियों ने इन अटकलों को खारिज कर दिया।
BCCI उपाध्यक्ष का बयान
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने स्पष्ट किया कि गंभीर को हटाने या उनकी जगह किसी नए कोच को लाने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा, मीडिया में चल रही अटकलों में कोई सच्चाई नहीं है। बोर्ड पूरी तरह से गौतम गंभीर के साथ खड़ा है और फिलहाल कोचिंग सेटअप में किसी तरह के बदलाव पर विचार नहीं किया जा रहा।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भी इन रिपोर्ट्स को पूरी तरह से अफवाह बताया। सैकिया ने कहा कि यह खबरें काल्पनिक हैं और बोर्ड ने टेस्ट टीम के कोच में किसी बदलाव के लिए कोई कदम नहीं उठाया है।
खराब टेस्ट नतीजों ने बढ़ाई अटकलें
भारत को हाल ही में टेस्ट क्रिकेट में लगातार झटके लगे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में 0-3 की हार और फिर साउथ अफ्रीका के खिलाफ 0-2 से क्लीन स्वीप ने सवाल खड़े कर दिए थे। इन नतीजों की वजह से भारत का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचना भी मुश्किल हो गया था। इसी बीच गौतम गंभीर को हटाने की अफवाहें जोर पकड़ने लगी थीं।
अब फोकस T20 वर्ल्ड कप पर
हालांकि, बीसीसीआई का ध्यान अब आगामी T20 वर्ल्ड कप पर है, जो फरवरी से शुरू होगा। टीम इंडिया अपने खिताब को बचाने उतरेगी और इस बार टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी। टूर्नामेंट खास इसलिए भी है कि लंबे समय बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली के बिना भारत मैदान पर उतरेगा।
भारत को ग्रुप A में पाकिस्तान, नीदरलैंड, नामीबिया और अमेरिका जैसी टीमों के साथ रखा गया है। घरेलू मैदान पर युवा टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। ऐसे में गौतम गंभीर की कोचिंग और रणनीति की भूमिका और भी अहम हो जाती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि गंभीर की स्थिरता टीम को आगामी T20 वर्ल्ड कप में संतुलन और रणनीतिक मजबूती प्रदान करेगी, जिससे बोर्ड के फैसले और भी महत्वपूर्ण बन जाते हैं।





