नई दिल्ली, रफ्तार। आईपीएल सीजन 17वें के तहत गुरुवार को खेले गए मैच को पंजाब किंग्स ने जैसी ही हारी बाजी जीती तो टीम मैनेजमेंट को अपनी पुरानी गलती जरूर याद आई होगी। हम शशांक सिंह की बात कर रहे हैं। इन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच विनिंग पारी खेली है। दरअसल, शशांक उन खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्हें करियर में देर से पहचान मिली।
कई टीमों का अनुभव बटोर रखे हैं शशांक
शशांक ने अपनी पहचान बनाने के लिए काफी अनुभव बटोरे हैं। घरेलू क्रिकेट में पहले मुंबई टीम की ओर से खेले। फिर पुडुचेरी पहुंच गए। फिलहाल छत्तीसगढ़ के लिए खेलते हैं। IPL में वह दिल्ली डेयरडेविल्स (कैपिटल्स), राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के साथ खेल चुके हैं। अब पंजाब किंग्स में हैं।
मणिपुर के खिलाफ दिखाया था ऐतिहासिक खेल
शशांक भारत के एकमात्र और दुनिया के तीसरे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने एक लिस्ट-ए मैच में 150 रनों की पारी और 5 विकेट भी लिए हैं। उन्होंने 29 नवंबर को मणिपुर के खिलाफ 152 रनों की पारी खेलते हुए 5 विकेट भी झटके थे। वर्ल्ड क्रिकेट में सिर्फ एल्विन कालीचरण और माइक प्रॉक्टर ही लिस्ट-ए मैच में ऐसा प्रदर्शन किए हैं।
एक गेंद रहते पंजाब को दिलाई जीत
शशांक सिंह फिर से चर्चा में हैं, क्योंकि पंजाब किंग्स को 4 अप्रैल के मैच में एक गेंद रहते 3 विकेट से जीत दिलाई। पंजाब किंग्स ने एक समय 111 रनों पर 5 विकेट गंवा दिए थे। फिर शशांक सिंह ने मोर्चा संभाला और 29 गेंदों पर नाबाद 61 रन बनाकर मैच जिताया। उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के भी लगाए।
धवन-प्रभसिमरन के बाद सबसे अधिक रन
पंजाब किंग्स ने 32 साल के शशांक सिंह पर आईपीएल 2024 के पहले मैच से भरोसा जताया है। शशांक को चारों मैचों में मौका दिया गया है। शशांक पहले मैच में बिना खाता खोले आउट हुए थे। फिर अगले तीन मैचों में वह एक भी बार आउट नहीं हुए। उन्होंने इस आईपीएल में 91 रन बनाए हैं। मौजूदा टूर्नामेंट में पंजाब के लिए शिखर धवन (138) और प्रभसिमरन सिंह (105) के बाद सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




