नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क। ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी महिला क्रिकेटर एलिसा हीली ने सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। यह फैसला इस साल होने वाले वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप से पहले आया है, जिससे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम और उनके फैंस के लिए बड़ा झटका है। हीली ने बताया कि वह मार्च 2026 के बाद क्रिकेट से संन्यास ले लेंगी। 35 वर्षीय खिलाड़ी अपने इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच भारत के खिलाफ खेलेंगी।
भारत के खिलाफ खेलेंगी अपनी आखिरी अंतरराष्ट्रीय सीरीज
35 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज एलिसा हीली ने पुष्टि की है कि भारत के खिलाफ होने वाली सीरीज उनके लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अंतिम अध्याय होगी। उन्होंने यह जानकारी 12 जनवरी को विलो टॉक पॉडकास्ट पर दी। हीली ने कहा, “भारत के खिलाफ आने वाली सीरीज मेरे करियर की आखिरी सीरीज होगी। मुझे अभी भी ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने का जुनून है, लेकिन मैंने महसूस किया कि वह शुरुआती प्रतियोगी भावना अब उतनी मजबूत नहीं रही जिसने मुझे क्रिकेट की ओर प्रेरित किया था। इसलिए मुझे लगता है कि रिटायर होने का यह सही वक्त है।”
एलिसा हीली 2023 में बनी थी कप्तान
एलिसा हीली को 2023 में मेग लैनिंग की जगह फुल-टाइम कप्तान नियुक्त किया गया था। हालांकि, वह भारत सीरीज के T20I मैचों में हिस्सा नहीं लेंगी, ताकि ऑस्ट्रेलिया साल के अंत में होने वाले वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी शुरू कर सके। हीली वनडे सीरीज में खेलेंगी और फिर 6 से 9 मार्च के बीच पर्थ में होने वाले डे-नाइट टेस्ट मैच के साथ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत करेंगी। यह उनका 11वां टेस्ट मैच होगा। आगामी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की टीम नए कप्तान के नेतृत्व में खेलती दिखाई देगी।
एलिसा हीली का करियर
एलिसा हीली ने फरवरी 2010 में मात्र 19 साल की उम्र में ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा। अपने करियर में उन्होंने 123 वनडे मैचों में 3,563 से अधिक रन बनाए हैं। वहीं, 162 T20I मुकाबलों में उन्होंने 25.45 की औसत से 3,054 रन हासिल किए, जिसमें उनका करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 148 रन रहा, जो किसी भी फुल मेंबर टीम की महिला खिलाड़ी के लिए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। हीली ऑस्ट्रेलिया की दूसरी सबसे ज्यादा T20I मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2010, 2012, 2014, 2018, 2020 और 2023 में महिला T20 वर्ल्ड कप जीता, जबकि ODI वर्ल्ड कप में 2013 और 2022 में टीम का हिस्सा रहीं। उनके प्रदर्शन को देखते हुए हीली 2018 और 2019 में ICC की T20I क्रिकेटर ऑफ द ईयर का खिताब भी जीत चुकी हैं।




